दुनिया के मशहूर लाइटहाउस, जिनकी सुंदरता है बेमिसाल

आमतौर पर लाइटहाउस बंदरगाह और खाड़ी के प्रवेश द्वारों पर स्थापित किए जाते हैं और ये समुद्री जहाजों के लिए कई सालों से महत्वपूर्ण स्थलों के रूप में कार्य करते आ रहे हैं। आजकल तो कई लाइटहाउस में ऑटोमेटिक पावरफुल लाइट्स और लेंस का भी इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, खास यह है कि दुनिया के कुछ लाइटहाउस हैं, जो अपनी खूबसूरती के लिए जाने जाते हैं। आइए आज दुनिया के ऐसे कुछ मशहूर लाइटहाउस के बारे में जानते हैं।
1848 में निर्मित गाले लाइटहाउस श्रीलंका के सबसे पुराने लाइटहाउस में से एक है, जो गाले किले में स्थित है। हालांकि, 1936 के दौरान इस लाइटहाउस के टावर में आग लग गई, जिसके बाद 1939 में इसे फिर से बनाया गया और इसे चमकीले सफेद रंगों से रंगा गया था। समुद्र, खजूर के पेड़ और खूबसूरत गाले हार्बर से घिरा यह लाइटहाउस एक बेहतरीन जगह है, जहां कि सुंदरता को बयां कर पाना थोडा मुश्किल है।
अर्जेंटीना के दक्षिणी सिरे पर टिएरा डेल फुएगो की खूबसूरत जगह पर स्थित लेस एक्लेयर्स लाइटहाउस का निर्माण 1920 में किया गया था। इसे "दुनिया के अंत में लाइटहाउस" भी कहा जाता है और इसकी संदरता किसी का भी मनमोह सकती है। यह लाल और सफेद रंग का समुद्री लाइटहाउस एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है और यह लाइटहाउस 33 फीट लंबा है, जिसमें एक गैलरी और शीर्ष पर लालटेन आवास है।
मकापु पॉइंट लाइटहाउस हवाई के ओहू में प्रशांत महासागर के किनारे नुकीली चट्टानों पर स्थित है, जो पश्चिमी अमेरिकी तट से लेकर होनोलूलू तक समुद्री जहाजों का मार्गदर्शन करता है। 1906 में बना यह लाइटहाउस सिर्फ 14 मीटर लंबा है और कई तरह के खूबसूरत प्रकृति नजारों से घिरा हुआ है। आप अगर प्रकृति प्रेमी है और किसी विदेशी जगह पर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो हवाई की ओर करें और मकापु पॉइंट लाइटहाउस जरूर जाएं।
लिंडनेस लाइटहाउस नॉर्वे के सबसे पुराने लाइटहाउस में से एक है, जो इसके दक्षिणी सिरे पर स्थित है। 53 फीट लंबा यह लाइटहाउस मूल रूप से 1656 में उत्तरी सागर से लेकर बाल्टिक सागर और स्केगरक तक समुद्री जहाजों का मार्गदर्शन करने के लिए बनाया गया था। इसे बाद में 1915 में एक लाल शीर्ष और सफेद दीवारों के साथ फिर से बनाया गया था। यह लाइटहाउस नाविकों को नॉर्वे की खतरनाक तटरेखा के बारे में भी चेतावनी देता है।