LOADING...
RCB की विक्ट्री परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़; 11 की मौत, 33 घायल
चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से कई लोगों की मौत की खबर है

RCB की विक्ट्री परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़; 11 की मौत, 33 घायल

लेखन आबिद खान
Jun 04, 2025
08:24 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का विजेता बनने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आज बेंगलुरु में विक्ट्री परेड निकाल रही थी। इस दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, 33 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें बोवरिंग और व्यदेही अस्पताल में ले जाया गया है। घटना के बावजूद टीम स्टेडियम पहुंची, जहां पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम हुआ।

वजह

घायलों में बच्चा भी शामिल, पुलिस ने लाठीचार्ज किया

ये घटना तब हुई, जब RCB की टीम कर्नाटक विधानसभा से स्टेडियम आ रही थी। इस दौरान हजारों लोग स्टेडियम में जाने के लिए इकट्ठा हो गए। इससे स्टेडियम के अंदर और बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और भगदड़ मच गई। कहा जा रहा है कि पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज भी किया था। बताया जा रहा है कि एक बच्चा भी घायल हुआ है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है।

भीड़

स्टेडियम के बाहर मौजूद थे 3 लाख लोग

रिपोर्ट के मुताबिक, जिस वक्त भगदड़ मची उस वक्त करीब 3 लाख लोग स्टेडियम के बाहर मौजूद थे। ये सभी 18 साल बाद RCB के विजेता बनने का जश्न मनाने आए थे। इससे पहले RCB की टीम बेंगलुरु की विधानसभा गई थी। वहां मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने टीम को सम्मानित किया था। उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने विराट कोहली से मुलाकात की थी। बता दें कि एयरपोर्ट से लेकर स्टेडियम तक हजारों लोग टीम का स्वागत करने के लिए मौजूद थे।

मुआवजा

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान, बोले- हम तैयार नहीं थे

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा, "जश्न विधानसभा में हो रहा था, लेकिन भगदड़ चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई। स्टेडियम के बाहर 3 लाख लोग जमा थे। हमें इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं थी। किसी ने इसकी उम्मीद नहीं की थी। हम इसके लिए तैयार नहीं थे। हादसे ने जीत की खुशी को मिटा दिया है।"

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें घटना से जुड़े वीडियो

बयान

उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने माफी मांगी

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, "मैं अभी तक मृतकों या घायलों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं कर सकता। मैं मौके पर जा रहा हूं। बड़ी संख्या में भावुक फैंस स्टेडियम में मौजूद थे। हमने सुरक्षा के लिए 5,000 से अधिक स्टाफ की तैनाती की थी। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही विस्तृत जानकारी दी जाएगी।" शिवकुमार ने हादसे पर माफी भी मांगी है।

जानकारी

प्रधानमंत्री ने घटना पर जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, 'बेंगलुरू में हुई दुर्घटना बहुत ही दुखद है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हैं, वे जल्द स्वस्थ हो जाएं।'

भाजपा

भाजपा ने राज्य सरकार पर उठाए सवाल

घटना के बाद भाजपा IT सेल प्रमुख अमित मालवीय ने लिखा, 'कर्नाटक राज्य सरकार द्वारा RCB के IPL अभियान का जश्न मनाने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में खराब योजना और भीड़ के कुप्रबंधन के कारण भगदड़ मच गई। इस दिल दहला देने वाली घटना को टाला जा सकता था। राज्य सरकार द्वारा बुनियादी प्रशासनिक दूरदर्शिता की कमी और भीड़ नियंत्रण में विफलता के कारण अपूरणीय क्षति हुई है। जवाबदेही तय की जानी चाहिए।'

विजेता

RCB ने पहली बार जीता है IPL का खिताब 

IPL 2025 के फाइनल में RCB ने पंजाब किंग्स (PBKS) को हराकर 18 साल में पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की है। फाइनल मुकाबले में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 190 रन बनाए थे। जवाब में PBKS 184 रन ही बना सकी और RCB ने 6 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। RCB 2009, 2011 और 2016 में फाइनल में पहुंची थी, लेकिन जीत नहीं सकी। वहीं, PBKS दूसरी बार फाइनल में हारी है।