
क्या होते हैं डायमंड कट अलॉय व्हील्स? जानिए इनके फायदे और नुकसान
क्या है खबर?
वर्तमान में लोग गाड़ियों में डायमंड कट अलॉय व्हील का विकल्प लेना पसंद कर रहे हैं। यह आपकी कार को प्रीमियम लुक देते हैं।
डायमंड कट मानक अलॉय व्हील्स में दी जाने वाली एक तरह की फिनिश है और हीरे की तरह चमकने के कारण ही इन्हें डायमंड कट अलॉय व्हील्स नाम दिया है।
आप भी नई गाड़ी में ऐसे अलॉय व्हील्स का विकल्प लेने का विचार बना रहे हैं तो इनके फायदे और नुकसान जान लें।
निर्माण
कैसे बनाए जाते हैं डायमंड कट अलॉय व्हील?
डायमंड कट मानक अलॉय व्हील में मिलने वाला एक तरह का फिनिश है, जो इन्हें आकर्षक लुक देता है।
इन्हें बनाने के लिए एक CNC लेथ द्वारा अलॉय व्हील से एक पतली परत को हटाया जाता है, जिसके कारण यह एक साधारण अलॉय व्हील की तुलना में बहुत अधिक चमकता है।
इसकी आंतरिक परत को बाहरी परत से मेल खाने के लिए रंगा जाता है। ऐसे में ये अलॉय व्हील्स ड्यूल-टोन फिनिश में आते हैं।
फायदे
क्या है इन व्हील्स के फायदे?
डायमंड कट अलॉय व्हील्स का सबसे बड़ा फायदा इनका आकर्षक लुक है, जो गाड़ी को चार-चांद लगा देते हैं। वजन में हल्के होने के कारण गाड़ी के माइलेज और प्रदर्शन में सुधार करते हैं।
कम गर्म होने के कारण ये ब्रेक के खराब होने के जोखिम को कम करने के साथ ब्रेकिंग प्रदर्शन को बढ़ाते हैं।
इसके अलावा जंग प्रतिरोधी होने के कारण जीवनकाल लंबा होता है। इन्हें अपनी पुरानी गाड़ी में लगवाकर उसकी रीसेल वैल्यू बढ़ा सकते हैं।
नुकसान
ऐसी सड़कों पर उपयोगी नहीं हैं ये अलॉय व्हील
इन व्हील्स की लागत सामान्य अलॉय व्हील्स की तुलना में बहुत ज्यादा होती है, जिससे इन्हें लगवाना काफी खर्चीला होता है।
ये क्षतिग्रस्त और उबड़-खाबड़ सड़कों के लिए ज्यादा उपयोगी नहीं है, क्योंकि ऐसी जगह पर इनके टूटने का खतरा ज्यादा रहता है।
इनकी चमकदार फिनिश बनाए रखने के लिए रखरखाव पर ज्यादा पैसा करना पड़ता है। इसके अलावा इन व्हील्स के नमक और बर्फ हटाने के लिए प्रयुक्त रसायनों से क्षतिग्रस्त होने की संभावना रहती है।