Page Loader
आइसक्रीम, जिलेटो, सॉरबट और फ्रोजन योगर्ट में क्या होता है अंतर?
आइसक्रीम, जिलेटो, सॉरबट और फ्रोजन योगर्ट में अंतर

आइसक्रीम, जिलेटो, सॉरबट और फ्रोजन योगर्ट में क्या होता है अंतर?

लेखन अंजली
Jun 16, 2023
03:37 pm

क्या है खबर?

गर्मियों के दौरान आइसक्रीम, जिलेटो, सॉरबट और फ्रोजन योगर्ट की मांग बढ़ जाती है। यह सभी अपने-अपने तरीके से स्वादिष्ट हैं। हालांकि, इन सभी के खाने का उद्देश्य समान होता है, लेकिन इनकी उपलब्धता का अलग-अलग महत्व होता है। ऐसे में आइए आज गर्मियों में खाए जाने वाले इन ठंडे और स्वादिष्ट खाद्य पदार्थों के बीच का अंतर जानते हैं, ताकि आपको इनके चयन में किसी तरह की उलझन न हो।

तकनीक

फ्रोजन डेजर्ट को बनाने की तकनीक

आइसक्रीम को बनाने के लिए सामग्रियों को तेज गति से मथा जाता है और सबसे ठंडे तापमान पर परोसा जाता है। हालांकि, जिलेटो को बनाने के लिए सामग्रियों को कम गति पर मथा जाता है और इसे आइसक्रीम से अधिक तापमान पर परोसा जाता है। सॉरबट को बनाने के लिए फल, हर्बस और बर्फ का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि फ्रोजन योगर्ट को बनाने के लिए ग्रीक योगर्ट और अन्य सामग्रियों को मिलाकर जमाया जाता है।

सामग्रियां

इनके लिए इस्तेमाल की जाती हैं ये सामग्रियां

आइसक्रीम के लिए आमतौर पर दूध, चीनी और फल जैसी सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाता है। जिलेटो में आइसक्रीम की तुलना में कम क्रीम और दूध का अनुपात अधिक होता है। इसी तरह इसमें चीनी, ताजे फल और अखरोट की प्यूरी होती है। सॉरबट को फल, पानी, चीनी, नींबू और पुदीना आदि सामग्रियों से तैयार किया जाता है, जबकि फ्रोजन योगर्ट को ग्रीक योगर्ट, चीनी, फल, वनस्पति तेल (ज्यादातर मामलों में) और छाछ या सॉर मिल्क से बनाया जाता है।

टेक्सचर

कुछ इस तरह होती है फ्रोजन डेजर्ट की बनावट 

आइसक्रीम की बनावट फ्लफी और क्रीमी होती है। इसमें बहुत सारे हवा के बुलबुले भी मौजूद होते हैं और यह अन्य फ्रोजन डेजर्ट की तुलना में तेजी से पिघलती है। दूसरी ओर, जिलेटो मोटा और गाढ़ा होता है और इसमें हवा के कम बुलबुले होते हैं। सॉरबट की बनावट अधिक बर्फीली होती है, जबकि फ्रोजन योगर्ट की बनावट आइसक्रीम की तरह फ्लफी, लेकिन कम मलाईदार होती है।

फैट

आइसक्रीम, जिलेटो, सॉरबट और फ्रोजन योगर्ट में मौजूद फैट

आइसक्रीम में फैट की मात्रा सबसे अधिक होती है। इसमें लगभग 14 से 25 प्रतिशत फैट कंटेंट होता है। जिलेटो में क्रीम कम होती है, इसलिए इसमें फैट भी कम होती है। इसमें 4 से 9 प्रतिशत बटरफैट मौजूद होती है। सॉरबट में फैट नाममात्र की होती है। इसका कारण है कि इसे क्रीमी उत्पादों से नहीं बनाया जाता है। इसके उलट फ्रोजन योगर्ट में बटरफैट आइसक्रीम की तुलना में कम और जिलेटो से अधिक होती है।