LOADING...
दुनिया का सबसे लंबा क्रूज कराएगा वाराणसी से असम तक की यात्रा, इस दिन होगा शुरू
भारत का पहला क्रूज है गंगा क्रूज

दुनिया का सबसे लंबा क्रूज कराएगा वाराणसी से असम तक की यात्रा, इस दिन होगा शुरू

लेखन गौसिया
Nov 15, 2022
06:35 pm

क्या है खबर?

'गंगा क्रूज' नामक दुनिया के सबसे लंबे क्रूज की यात्रा जनवरी, 2023 से शुरू होने वाली है। यह लग्जरी क्रूज वाराणसी से करीब 4,000 किलोमीटर का सफर तय करके असम के डिब्रूगढ़ तक जाएगा। इस दौरान यह बांग्लादेशी में भी प्रवेश करेगा। यह क्रूज काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और सुंदरबन डेल्टा सहित कई राष्ट्रीय उद्यानों, सैंक्चुरी और अन्य प्रमुख स्थलों से होकर गुजरेगा। आइए इस लग्जरी गंगा क्रूज के बारे में विस्तार से जानते हैं।

समय

50 दिन में पूरी होगी गंगा क्रूज की यात्रा

भारत में निर्मित इस पहले क्रूज की पहली यात्रा 10 जनवरी को वाराणसी से शुरू होगी और 1 मार्च को असम के डिब्रूगढ़ जिले में बोगीबील पर खत्म होगी। यह क्रूज बक्सर, रामनगर और गाजीपुर के रास्ते से गुजरते हुए अपने सफर के आठवें दिन पटना पहुंच जाएगा। इसके बाद कोलकाता से होते हुए यह 9 फरवरी को बांग्लादेश के ढाका और 1 मार्च को असम पहुंचेगा। इस पूरी यात्रा को तय करने में क्रूज को करीब 50 दिन लगेंगे।

जगहें

विश्व धरोहर स्थलों पर रुकेगा गंगा क्रूज

गंगा क्रूज में 80 यात्री सफर कर सकेंगे, जो अपने सफर के दौरान 27 नदियां और 50 से ज्यादा पर्यटक स्थल देख सकेंगे। यात्रियों के मनोरंजन के लिए क्रूज में संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जिम जैसी कई अन्य सुविधाएं मौजूद होंगी। इसके अलावा यह क्रूज कई विश्व धरोहरों समेत कई मशहूर स्थलों पर भी रुकेगा। इनमें सुंदरबन डेल्टा और काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान सहित कई राष्ट्रीय उद्यानों और सैंक्चुरी शामिल हैं। इस दौरे का मुख्य आकर्षण वाराणसी की गंगा आरती होगी।

Advertisement

कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने किया क्रूज के टाइम टेबल का विमोचन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 11 नवंबर को वाराणसी के रविदास घाट पर वाराणसी और डिब्रूगढ़ के बीच चलने वाले इस गंगा क्रूज के टाइम टेबल का विमोचन किया था। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के मुख्य इंजीनियर रविकांत ने इस क्रूज की यात्रा को दुनिया की सबसे लंबी रिवर क्रूज यात्रा बताया है। यह यात्रा यात्रियों को भारत के कई राज्यों की अलग-अलग भौगोलिक स्थितियों का अनुभव प्रदान करेगी।

Advertisement

PPP मॉडल

PPP मॉडल पर चलेगा गंगा क्रूज

गंगा क्रूज को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर चलाया जाएगा। इसके लिए IWAI, अंतरा लग्जरी रिवर क्रूज और जेएम बक्सी रिवर क्रूज ने समझौता किया है। क्रूज से यात्रा करने के लिए टिकट की कीमत इसे चलाने वाली कंपनी ही तय करेगी और इसमें केंद्र सरकार दखल नहीं देगी। राज्यों में बगैर किसी बाधा के सफर करने के लिए भारतीय पोत अधिनियम में संशोधन करके क्रूज लाइनों को राष्ट्रीय परमिट दिया जाएगा।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

PPP मॉडल उस मॉडल को कहा जाता है कि जिसमें सरकार और निजी कंपनियां साथ मिलकर कोई काम करती हैं और दोनों की इसमें हिस्सेदारी होती है। इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए अक्सर इस मॉडल का इस्तेमाल किया जाता है।

Advertisement