Page Loader
उत्तर प्रदेश से राजस्थान तक अभी और तपेंगे ये राज्य, जानिए कहां तक पहुंचा पारा 
कई राज्यों में दिन और रात का तापमान बढ़ गया है

उत्तर प्रदेश से राजस्थान तक अभी और तपेंगे ये राज्य, जानिए कहां तक पहुंचा पारा 

May 21, 2025
09:56 am

क्या है खबर?

मानसून आने से पहले उत्तर और मध्य भारत में पारा आसमान पर पहुंच रहा है। उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार और दिल्ली तक भीषण गर्मी कहर ढा रही है, जबकि राजस्थान में लोग लू से झुलस रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज भी उत्तर इलाके के राज्यों में सामान्य से अधिक तापमान रहने के साथ कुछ जगह अंधड़ चलने और बारिश होने की संभावना है। आगामी 3-4 दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

तापमान 

इस राज्य में पारा 46 डिग्री के पार 

पछुआ हवाओं के जोर के कारण उत्तर प्रदेश में इन दिनों गर्मी सितम ढा रही है और पारा 46.6 डिग्री तक जा पहुंचा है। आज प्रदेश के 44 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ बादल गरजने और बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है। इन जगहों पर 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है वहीं कुछ जगह ओलावृष्टि होने के भी आसार हैं। 23-26 मई के बीच ज्यादातर इलाकों में बारिश होगी।

चेतावनी 

यहां आज भी चलेगी लू 

राजस्थान में नौतपा (25 मई) शुरू होने से पहले ही धरती आग उगल रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। प्रदेश में मंगलवार को श्रीगंगानगर और पिलानी में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री और न्यूनतम चूरू में 32.4 डिग्री दर्ज किया गया। आज 10 जिलों में लू का ऑरेंज अलर्ट और 8 में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 16 जिलों में बारिश की संभावना है। बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ आंधी भी चल सकती है।

बारिश 

महाराष्ट्र में आज भी बारिश का अलर्ट

मानसून की दस्तक से पहले ही महाराष्ट्र में मेघ मेहरबान हो रहे हैं। इसके चलते मंगलवार (21 मई) शाम को मुंबई समेत कई जिलों में जमकर बारिश हुई। इसके चलते एक घंटे की बारिश में कई मुंबई के अंधेरी सबवे और दहिसर में पानी भर गया। IMD ने आर्थिक राजधानी में 21 और 22 मई को भी भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही ठाणे और पालघर में 3 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

भारी बारिश 

दक्षिण में भारी बारिश की संभावना 

उत्तरी बांग्लादेश पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी में अनुकूल हवा पैटर्न से पश्चिम बंगाल में बारिश होने के आसार हैं। यहां 23 मई तक उत्तरी जिलों में भारी बारिश और दक्षिणी भागों में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कर्नाटक और तमिलनाडु में मूसलाधार बारिश ने कहर बरपा रखा है, जिससे 8 लोगों की जान चली गई। इन राज्यों में 22 मई तक और केरल में अगले 7 दिन झमाझम बारिश होगी।

मानसून 

कहां तक पहुंचा मानसून?

मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी लेकर चक्रवातीय हवा स्थल की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। मानसून भी अंडमान निकोबार और आधे श्रीलंका को पार कर उत्तर की ओर बढ़ चुका है। ऐसे में लग रहा है कि मानसून केरल से ज्यादा दूर नहीं है और पहले ही इसके 27 मई को दस्तक देने की संभावना जताई जा चुकी है। यह अन्य सालों की तुलना में 1 जून से 4 दिन पहले आ जाएगा।