Page Loader
पूरे उत्तर भारत में कोहरे की जकड़ में जिंदगी, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम 
दिल्ली में आज कई इलाकों में कोहरे के कारण दृश्यता शून्य हो गई (तस्वीर: एक्स/@DINESH_ABUSARIA)

पूरे उत्तर भारत में कोहरे की जकड़ में जिंदगी, जानिए आज कैसा रहेगा मौसम 

Jan 15, 2025
10:06 am

क्या है खबर?

उत्तर भारत में कोहरे और शीतलहर का कहर जारी है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मकर संक्रांति पर मंगलवार को दिन में धूप खिलने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। आज फिर से कई शहर घने कोहरे में लिपटे हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना जताई है, जिससे ठंड में इजाफा होने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में पारा लगातार गिर रहा है।

दिल्ली 

कोहरे ने लगाया ट्रेनों पर ब्रेक 

दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया हुआ है। कई जगह दृश्यता शून्य हो गई, जिससे सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कोहरे के कारण आज सुबह 6 बजे तक करीब 39 ट्रेन 30 मिनट से लेकर 4 घंटे की देरी से चल रही थीं। मौसम विभाग ने आज और कल राजधानी में बादल छाए रहने के साथ बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 9 डिग्री रह सकता है।

पहाड़ 

पहाड़ों पर आज कैसा रहेगा मौसम?

जम्मू-कश्मीर में आज और कल बादल छाए रहेंगे और 16 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होगी। आज भी गुलमर्ग, सोनमर्ग, श्रीनगर, कुकरनाग और कुपवाड़ा इलाकों का न्यूनतम तापमान माइनस में रहेगा। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में 16-19 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। यहां 14 जनवरी को लाहौल-स्पीति जिले के गोंडला में एक सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है। उत्तराखंड में मौसम साफ रहेगा, लेकिन पहाड़ी इलाकों में ठंड का कहर जारी रहेगा।

उत्तर प्रदेश 

प्रयागराज में भी कड़ाके की ठंड

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिले घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। प्रयागराज में इन दिनों चल रहे महाकुंभ में आए श्रद्धालुओं को सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। पंजाब और हरियाणा में भी आज सुबह घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है और 18 जनवरी तक ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं।

राजस्थान 

राजस्थान में अभी और गिरेगा पारा 

राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री तक पहुंच गया है। यहां पूर्वी क्षेत्र में आज गरज चमक के साथ बारिश के आसार हैं, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम साफ रहेगा। इसके अलावा आज और कल बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में तेजी से गिरावट होने की आशंका है। इससे सर्दी का असर और तेज हो सकता है। इसी प्रकार बिहार में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है।

ट्विटर पोस्ट

उत्तर प्रदेश में दिखा घना कोहरा