Page Loader
प्रधानमंत्री मोदी ने चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा 
प्रधानमंत्री मोदी और चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई

प्रधानमंत्री मोदी ने चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा 

लेखन आबिद खान
Apr 01, 2025
04:54 pm

क्या है खबर?

चिली के राष्ट्रपति गेब्रियल बोरिक फॉन्ट आज यानी एक अप्रैल से 5 दिवसीय भारत दौरे पर हैं। आज हैदराबाद हाउस में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच आर्थिक, वाणिज्य और सामाजिक क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई। इससे पहले राष्ट्रपति बोरिक ने भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात की और राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

समझौता

व्यापक व्यापार समझौते पर बातचीत शुरू करेंगे भारत और चिली 

भारत-चिली के बीच व्यापक व्यापार समझौते पर बातचीत पर सहमति बनी है। दोनों देशों के बीच शीर्ष नेतृत्व स्तर की बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमारी टीमों ने व्यापक आर्थिक साझेदारी की दिशा में बातचीत शुरू की है। दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में साझेदारी की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।" प्रधानमंत्री ने लैटिन अमेरिका में चिली को महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए कहा कि भारत चिली को अंटार्कटिका के प्रवेश द्वार के तौर पर देखता है।

बयान

प्रधानमंत्री ने बताया किन मुद्दों पर हुई बात

प्रधानमंत्री ने कहा, "राष्ट्रपति बोरिक का यह पहला भारत दौरा है और उनका भारत के साथ रिश्तों को मजबूत करने का समर्पण अद्भुत है। आज की बातचीत में हमने खाद्य सुरक्षा के मामले में एक दूसरे की क्षमताओं को मजबूत करने पर भी बात की। चिली में स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में भारत विश्वसनीय साझेदार है। हमने चिली में आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के मुद्दे पर भी बात की।"

चिली का बयान

चिली ने किया भारत की UNSC सदस्यता का समर्थन

वहीं, राष्ट्रपति बोरिक ने कहा, "दोनों देशों के बीच सहयोग की काफी संभावनाएं हैं। हम भारत के ऑडियो विजुअल उद्योग को चिली ले जाना चाहते हैं। इसके लिए हमने शूट इन चिली कार्यक्रम की शुरुआत की है। बॉलीवुड के जरिए भारत ने जो किया है, वो काबिले तारीफ है। हम भारत की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता का भी समर्थन करते हैं। साथ ही सुरक्षा परिषद में सुधार का भी समर्थन करते हैं।"

दौरा

अपने पहले भारत दौरे पर हैं राष्ट्रपति बोरिक 

राष्ट्रपति बोरिक का ये पहला भारत दौरा है। भारत पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे पर उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति बोरिक आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलेंगे। राष्ट्रपति मुर्मू ने उनके सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन रखा है। इसके बाद वे आगरा, मुंबई और बेंगलुरु भी जाएंगे। मुंबई और बेंगलुरु में वे राजनीतिक नेतृत्व, व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप और तकनीकी दिग्गजों से मिलेंगे।

संबंध

कैसे हैं भारत-चिली के संबंध?

चिली लैटिन अमेरिका में भारत का 5वां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वित्त वर्ष 2023-24 में भारत और चिली के बीच कुल द्विपक्षीय व्यापार लगभग 25,000 करोड़ रुपये का था। चिली भारत से वाहन, फार्मास्यूटिकल्स, कपड़ा, रसायन और इंजीनियरिंग सामान खरीदता है। वहीं, भारत चिली से तांबा, लिथियम और फल खरीदता है। चिली भारत के साथ व्यापार समझौता करने वाला पहला दक्षिण अमेरिकी देश है। भारत और चिली ने 2006 में प्रिफरेंशियल ट्रेड एग्रीमेंट (PTA) पर हस्ताक्षर किए थे।