प्रधानमंत्री मोदी ने एक साथ 5 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, जानें रूट
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से आज एक साथ 5 नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इन 5 ट्रेनों के जुड़ने से देश में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल संख्या 23 हो गई है।
इसके साथ ही 3 राज्यों, गोवा, बिहार और झारखंड, को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिली है।
आइए जानते हैं कि ये वंदे भारत ट्रेनें कौन-सी हैं और किस-किस स्टेशन के बीच दौड़ेंगी।
ट्रेन
रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस 28 जून से यात्रियों के लिए चलेगी। रानी कमलापति से जबलपुर का एग्जीक्यूटिव क्लास का टिकट 1,880 रुपये का है, जबकि चेयर क्लास का किराया 1,055 रुपये है।
रानी कमलापति से जबलपुर के बीच चलने वाली यह वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शाम 7 बजे रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होगी और रात 11:35 बजे जबलपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन जबलपुर से सुबह 6 बजे निकलकर सुबह 10:35 बजे रानी कमलापति स्टेशन पहुंचेगी।
ट्रेन
भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस
रेलवे के शेड्यूल के मुताबिक, यह ट्रेन इंदौर से सुबह 6:30 बजे निकलेगी और 3:05 घंटे में भोपाल पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन शाम 7:25 बजे भोपाल स्टेशन से निकलकर रात 10:35 बजे इंदौर पहुंचेगी।
इस ट्रेन का भोपाल से इंदौर का एग्जूक्यूटिव क्लास का टिकट 1,600 रुपये और चेयर क्लास का किराया 910 रुपये है। भोपाल से उज्जैन तक यात्रा करने वाले लोगों को एक्जीक्यूटिव क्लास के लिए 1,370 रुपये और चेयर क्लास के लिए 745 रुपये चुकाने होंगे।
ट्रेन
मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस
मडगांव-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच चलेगी। ये ट्रेन मुंबई से चलकर दादर, ठाणे, पनवेल, खेड, रत्नागिरी, कंकावली और थिविम होते हुए गोवा के मडगांव जाएगी।
मुंबई से गोवा की दूरी यह ट्रेन सिर्फ 7 घंटे में तय करेगी। इस ट्रेन का मुंबई से मडगांव का एग्जूक्यूटिव क्लास का टिकट 2,000 से 2,800 रुपये और चेयर क्लास का टिकट 1,100 से 1,600 रुपये के बीच है।
ट्रेन
धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस
धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस कर्नाटक के धारवाड़, हुबली और दावणगेरे जैसे महत्वपूर्ण शहरों को राज्य की राजधानी बेंगलुरु से जोड़ेगी। कर्नाटक में चलने वाली यह दूसरी वंदे भारत ट्रेन है। इससे पहले चेन्नई-मैसूर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन हो चुका है।
नई ट्रेन से यात्री 7 घंटे से भी कम समय में 490 किलोमीटर की दूरी तय कर सकते हैं। ये ट्रेन 3 रेलवे स्टेशनों, यशवंतपुर जंक्शन, दावणगारे और हुबली, में रुकेगी।
ट्रेन
हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस
ये ट्रेन झारखंड के हटिया से बिहार के पटना तक की 385 किलोमीटर की दूरी 5:50 घंटे में तय करेगी। इसका संचालन जहानाबाद, गया, बरकाकाना, कोडरमा, हजारीबाग टाउन और मेसरा के बीच होगा। यह सप्ताह में मंगलवार छोड़कर 6 दिन चलेगी।
रांची से पटना का एग्जीक्यूटिव क्लास का किराया 2,110 रुपये और चेयर कार का किराया 1175 रुपये होगा।
पटना से रांची के लिए एग्जीक्यूटिव क्लास का टिकट 1,930 रुपये, वहीं चेयर कार का टिकट 1,025 रुपये में मिलेगा।