Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 50,129 नए मामले, 578 मौतें; रिकवरी रेट लगभग 90 प्रतिशत

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 50,129 नए मामले, 578 मौतें; रिकवरी रेट लगभग 90 प्रतिशत

Oct 25, 2020
09:39 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 50,129 नए मामले सामने आए और 578 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 78,64,811 हो गई है, वहीं 1,18,534 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 6,68,154 हो गई है। देश में नए मामलों और मौतों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

लगभग 90 प्रतिशत हुई रिकवरी रेट

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 62,077 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 70,78,123 हो गई है और देश की रिकवरी रेट 89.99 प्रतिशत हो गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,40,905 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में 10.25 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं चार सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 16,38,961 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 43,152 लोगों की मौत हुई है। वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश में अब तक 8,04,026 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 6,566 मरीजों की मौत हुई है। 7,98,378 मामलों और 10,873 मौतों के साथ कर्नाटक और 7,06,136 मामलों और 10,893 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में लगातार घट रहे नए मामले

नए मामलों की बात करें तो सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में बीते दिन 6,417 नए सामने सामने आए और 137 मरीजों ने दम तोड़ा। राज्य में नए मामलों में लगातार कमी आ रही है। आंध्र प्रदेश में बीते दिन 3,342 और तमिलनाडु में 2,886 नए मामले सामने आए। तमिलनाडु में चार महीने बाद 3,000 से कम नए मामले सामने आए हैं। वहीं कर्नाटक में बीते दिन 4,471 नए मामले सामने आए। यहां भी स्थिति सुधरती हुई नजर आ रही है।

डाटा

दिल्ली में तीसरी लहर, लगातार दूसरे दिन 4,000 से अधिक नए मामले

राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 4,116 नए मामले सामने आए और 36 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 3,19,828 हो गई है, वहीं 6,225 लोगों की संक्रमण के कारण मौत हुई है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 4.25 करोड़ संक्रमित, अमेरिका सबसे अधिक प्रभावित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 4.25 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 11.48 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 85.71 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और लगभग 2.25 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जहां भारत से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 53.80 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.57 लाख मरीजों की मौत हुई है।