Page Loader
गंभीर हुए कोरोना संकट के बीच भी मास्क पहनने को लेकर लापरवाही बरत रहे लोग- सर्वे
मास्क पहनने में लापरवाही कर रहे लोग

गंभीर हुए कोरोना संकट के बीच भी मास्क पहनने को लेकर लापरवाही बरत रहे लोग- सर्वे

Jun 24, 2021
04:51 pm

क्या है खबर?

भारत कोरोना वायरस महामारी से दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश बना हुआ है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं। ऑनलाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लोकलसर्किल के एक सर्वे में यह जानकारी सामने आई है। सर्वे में यह भी पता चला है कि वैक्सीनेशन केंद्रों पर जाते समय भी कई लोग मास्क पहनने के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। आइये, पूरी खबर जानते हैं।

सर्वे

67 प्रतिशत लोग बोले- मास्क पहनने के नियम का हो रहा उल्लंघन

सर्वे में शामिल हुए 67 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उनके शहरों, इलाकों और जिलों में मास्क पहनने के नियम का सही से पालन नहीं हो रहा। कई जगहों पर मास्क पहनने को लेकर घोर लापरवाही बरती जा रही है। इस सर्वे में देश के 312 जिलों के 33,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया था। पिछले महीने सरकार ने बताया था कि महामारी की दूसरी लहर के बावजूद 50 प्रतिशत लोग मास्क नहीं पहन रहे।

सर्वे

वैक्सीनेशन केंद्रों पर भी बिना मास्क जा रहे लोग

सर्वे में भाग लेने वालों में से 32 प्रतिशत लोगों ने कहा कि हालिया दिनों में वो जिन वैक्सीनेशन केंद्रों पर गए थे, वहां भी मास्क को लेकर पर्याप्त ऐहतियात नहीं बरता जा रहा था। कई लोग बिना मास्क ही खुराक लगवाने आए हुए थे। कई लोगों ने बताया कि उनके परिजनों को वैक्सीनेशन केंद्र पर खुराक लगवाने के कुछ दिन बाद संक्रमण हुआ है। आशंका है कि वो वैक्सीनेशन केंद्रों से संक्रमण लेकर घर लौटे थे।

जानकारी

कपड़े का मास्क बढ़ा रहा चिंता

सर्वे में सामने आया कि 44 प्रतिशत भारतीय कपड़े के मास्क पहन रहे हैं, जो डेल्टा जैसे संक्रामक वेरिएंट से उन्हें सुरक्षा नहीं दे सकते। इसके अलावा 50 प्रतिशत लोग ऐसा मास्क पहन रहे हैं, जो उन्हें संक्रमण के खिलाफ सीमित सुरक्षा देता है।

दूसरा सर्वे

सही तरीके से मास्क पहनने वालों की संख्या कम

पिछले महीने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 25 शहरों में मास्क पहनने को लेकर किए गए अध्ययन का हवाला देते हुए कहा था कि महामारी की दूसरी लहर में भी 50 प्रतिशत आबादी मास्क नहीं पहन रही है। इसी तरह मास्क पहनने वाले 50 प्रतिशत लोगों में से महज 14 प्रतिशत ही सही तरह से मास्क पहनते हैं। मंत्रालय ने कहा था कि देशभर में जागरुकता कार्यक्रमों के बावजूद मास्क नहीं पहनना बड़ी समस्या है।

नियमों का उल्लंघन

मास्क पहनने वालों में से 64 प्रतिशत नाक कवर नहीं करते

मंत्रालय ने कहा था कि मास्क पहनने वालों में 64 प्रतिशत लोग ऐसे हैं, जो ठीक से मुंह पर तो मास्क रखते हैं, लेकिन नाक कवर नहीं करते। इसी तरह 20 प्रतिशत लोग मास्क को मुंह के भी नीचे रखते हैं और दो प्रतिशत उसे गले में लटकाए रहते हैं। कुछ मामलों में मास्क के हाथों में रखने की भी जानकारी सामने आई है। मंत्रालय ने कहा कि लोगों की यही लापरवाही संक्रमण के इजाफे का मुख्य कारण है।

कोरोना वायरस

देश में क्या है संक्रमण की स्थिति?

देश में पिछले कई हफ्तों से कोरोना मामलों में गिरावट आ रही है और हालात बेहतर हो रहे हैं। बीते दिन की बात करें तो भारत में संक्रमण के 54,069 नए मामले सामने आए और 1,321 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,00,82,778 हो गई है। इनमें से 3,91,981 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 6,27,057 रह गई है।