Page Loader
नौसेना को मिला पहला स्वदेशी स्टारलाइनर ड्रोन 'दृष्टि 10', जानें इसकी खासियतें
नौसेना को मिला पहला स्वदेशी निर्मित 'स्टारलाइनर' ड्रोन दृष्टि 10

नौसेना को मिला पहला स्वदेशी स्टारलाइनर ड्रोन 'दृष्टि 10', जानें इसकी खासियतें

लेखन महिमा
Jan 10, 2024
01:04 pm

क्या है खबर?

आज भारतीय नौसेना को अपना पहला स्वदेशी स्टारलाइनर मानवरहित हवाई वाहन (UAV) 'दृष्टि 10' मिल गया। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने इसे हरी झंडी दिखाई। दृष्टि 10 स्वायत्त रूप से संचालित होता है और अपने उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से सटीकता के साथ पूरा करने में सक्षम है। इसे उन्नत हवाई प्रणालियों में रणनीतिक स्वायत्तता और तकनीकी नेतृत्व की दिशा में भारत का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

दृष्टि 10

अडाणी समूह ने विकसित किया है ड्रोन

एशियानेट की रिपोर्ट के अनुसार, स्टारलाइनर ड्रोन को अडाणी समूह की कंपनी अडाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने विकसित किया है। हैदराबाद के अडाणी एयरोस्पेस पार्क में आयोजित समारोह के बाद कंपनी ने इस ड्रोन को नौसेना को सौंपा। इस दौरान नौसेना प्रमुख कुमार ने कंपनी के प्रयासों की सराहना की, जो रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने और वैश्विक नेतृत्व की स्थिति को हासिल करने की दिशा में प्रयासरत है।

महत्वपूर्ण 

नौसेना प्रमुख ने ड्रोन को बताया परिवर्तनकारी 

नौसेना प्रमुख ने कहा, "यह एक महत्वपूर्ण अवसर और परिवर्तनकारी कदम है, जो इंटेलिजेंस, निगरानी और टोही (ISR) प्रौद्योगिकी और समुद्री प्रभुत्व में भारत की आत्मनिर्भरता को बढ़ाएगा।" उन्होंने कहा, "यह हमारी नौसैनिक क्षमताओं को बढ़ाएगा। लगातार विकसित होने वाली समुद्री निगरानी और टोही में हमारी तैयारियों को मजबूत करेगा।" बता दें कि यह ड्रोन 3,000-90,000 मीटर की ऊंचाई पर लगातार 36 घंटे तक उड़ने में सक्षम है, इसलिए इसे मीडियम एल्टीट्यूड लॉन्ग एंड्योरेंस (MALE) ड्रोन कहा जा रहा है।

खासियत 

दृष्टि 10 स्टारलाइनर की खासियतें क्या हैं?

दृष्टि 10 में कई हार्ड पॉइंट्स लगाए गए हैं, जिससे इसमें कई तरह के उपकरण लगाए जा सकते हैं। यह 450 किलोग्राम पेलोड तक के आवश्यक उपकरणों का वजन उठा सकता है। इसमें उपग्रह संचार और लाइन ऑफ साइट (लॉस) डाटा लिंक है, जो विश्वसनीय और सुरक्षित डाटा ट्रांसमिशन सुनिश्चित करता है। इसके अलावा प्रतिकूल मौसम में भी इसकी जबरदस्त क्षमता है और ये प्रभावी ढंग से काम कर सकता है।

खासियत 

दृष्टि 10 स्टारलाइनर की और क्या खासियतें?

दृष्टि 10 को न्यूनतम रखरखाव की आवश्यकता होती है। यह डाउनटाइम कम करने और परिचालन तत्परता बढ़ाने में सक्षम होगा। इसमें अत्याधुनिक सेंसर और बेहतरीन रडार सिस्टम है, जो विमान, जहाज, अंतरिक्ष यान, मोटर वाहनों, मौसम संरचनाओं आदि का पता लगाने में सक्षम होंगे। मूविंग टारगेट इंडिकेटर (MTI) एक साथ कई गतिमान वस्तुओं का पता लगा सकता है। दुश्मनों के संचार प्रणाली को बाधित करने के साथ-साथ यह आक्रामक, रक्षात्मक और सहायक स्थिति में काम करने में सक्षम होगा।