Page Loader
कोरोना: देश में बीते दिन मिले 7,447 नए मरीज, ओमिक्रॉन के मामले 83 हुए
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना: देश में बीते दिन मिले 7,447 नए मरीज, ओमिक्रॉन के मामले 83 हुए

Dec 17, 2021
09:30 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 7,447 नए मामले सामने आए और 391 मरीजों की मौत दर्ज हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,47,26,049 हो गई है। इनमें से 4,76,869 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 86,415 रह गई है। देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के भी 83 मामले सामने आ चुके हैं। कल कर्नाटक, दिल्ली और गुजरात में 10 नए मामले दर्ज हुए थे।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए करीब 7,886 मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,886 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,41,62,765 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.38 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,59,932 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 66.15 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 66,46,938 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,41,317 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 52,07,826 ​लोगों को संक्रमित पाया गया है और 43,946 मौतें हुई हैं। इसी तरह 30,01,554 ​मामलों और 38,279 मौतों के साथ कर्नाटक और 27,37,962 मामलों और 36,656 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 877 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 19 मरीजों की मौत हुई। इसी तरह केरल में 3,404 लोगों को संक्रमित पाया गया और 320 मरीजों की मौत दर्ज हुई। यहां बीते कई महीनों से सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। कर्नाटक में 303 मामले सामने आए और दो मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 627 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 12 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

जानकारी

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,35,99,96,267 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 70,46,805 खुराकें लगाई गईं। 50 प्रतिशत से अधिक आबादी को दोनों खुराकें लग चुकी हैं।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 27.28 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 27.28 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 53.35 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 5.05 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 8.03 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.22 करोड़ संक्रमितों में से 6.17 लाख मरीजों की मौत हुई है।