Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 10,197 नए मामले, 301 की मौत
भारत में कोरोना वायरस के मामले

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 10,197 नए मामले, 301 की मौत

Nov 17, 2021
09:38 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 10,197 नए मामले सामने आए और 301 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,44,66,598 हो गई है। इनमें से 4,64,153 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 1,28,555 हो गई है। सरकार का कहना है कि तीसरी लहर से बचने के लिए लोगों को दिसंबर तक विशेष सावधानी बरतनी होगी।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन ठीक हुए 12,000 से अधिक मरीज

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,134 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,38,73,890 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.28 प्रतिशत है। कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 12,42,177 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 62.70 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 66,25,872 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,40,636 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 50,71,135 ​लोगों को संक्रमित पाया गया है और 36,087 मौतें हुई हैं। इसी तरह 29,92,276 ​मामलों और 38,153 मौतों के साथ कर्नाटक और 27,16,421 मामलों और 36,311 ​मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य है।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 886 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 34 मरीजों की मौत हुई। इसी तरह केरल में 5,516 लोगों को संक्रमित पाया गया और 210 मरीजों की मौत हुई। यहां बीते कई हफ्तों से सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। कर्नाटक में 255 मामले सामने आए और सात मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 789 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 15 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

डाटा

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,13,68,79,685 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 67,82,042 खुराकें लगाई गईं। धीरे-धीरे वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ रहा है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 25.43 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 25.43 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 51.14 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 4.73 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 7.66 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है। तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.20 करोड़ संक्रमितों में से 6.11 लाख मरीजों की मौत हुई है।