समुद्री लुटेरों के खिलाफ किस तरह ताकत दिखा रही है भारतीय नौसेना?
क्या है खबर?
इजरायल-हमास युद्ध के चलते जहाजों पर हमले और सोमालियाई लुटेरों की वारदातों का भारतीय नौसेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
हाल ही में नौसेना ने 12 घंटे तक चले अभियान में एक जहाज को समुद्री लुटेरों के कब्जे से छुड़ाया और बंधक बनाए गए 23 पाकिस्तानी मछुआरों को भी लुटेरों की कैद से आजाद कराया है। नौसेना के इन ऑपरेशंस की हर तरफ तारीफें हो रही हैं।
आइए जानते हैं कि नौसेना कैसे अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रही है।
ऑपरेशन
नौसेना ने 4 महीने में 18 बार चलाए ऑपरेशन
नौसेना ने दिसंबर, 2023 और मार्च, 2024 के बीच कम से कम 18 ऑपरेशन चलाकर जहाजों की मदद की है। इस दौरान नौसेना द्वारा कई देशों के जहाजों की मदद की गई।
इन जहाजों पर समुद्री डाकुओं द्वारा या तो ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया जा रहा था या बंधक बना लिया गया था। नौसेना की सक्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने बीते 100 दिनों में 110 लोगों की जान बचाई है।
पाकिस्तान
जब पाकिस्तानी नाविकों ने लगाए भारत जिंदाबाद के नारे
28 मार्च को यमन के सोकोट्रा से लगभग 90 समुद्री मील दक्षिण-पश्चिम में अल-कंबर जहाज पर समुद्री लुटेरों ने कब्जा कर लिया था।
सूचना मिलते ही नौसेना ने INS सुमेधा और INS त्रिशूल को मदद के लिए भेजा। 12 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद नौसना ने समुद्री लुटेरों को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर दिया और जहाज में सवार सभी 23 पाकिस्तान के नागरिकों को बचा लिया गया। पाकिस्तानियों ने इसके लिए "भारत जिंदाबाद" के नारे लगाए।
लुटेरे
नौसेना ने 40 घंटे चलाया ऑपरेशन, 35 लुटेरों ने किया आत्मसमर्पण
14 दिसंबर, 2023 को MV रुइन जहाज का समुद्री डाकुओं ने अपहरण कर लिया था। 15 मार्च को नौसेना का इस जहाज से संपर्क हुआ था। तब लुटेरों ने सेना पर गोलियां चलाई थीं।
लुटेरों को पकड़ने के लिए नौसेना 8 समुद्री कमांडो (MARCOS) के एक दस्ते को C-17 विमान से जहाज पर उतारा। करीब 40 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद 35 लुटेरों ने आत्मसमर्पण कर दिया और चालक दल के 17 लोगों को सुरक्षित बचाया गया।
हूती
हूतिया के हमले से भी जहाजों को बचा रही है नौसेना
6 मार्च को हूती विद्रोहियों ने 'MV ट्रू कॉन्फिडेंस' जहाज पर हमला किया, जिसमें चालक दल के 3 सदस्यों की मौत हो गई थी। घटना के बाद भारतीय नौसेना ने तुरंत मदद भेजी और एक भारतीय समेत चालक दल के 21 सदस्यों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
4 मार्च को जहाज 'MSC SKY 2' पर भी हूतियों ने हमला किया था, जिसकी मदद भी भारतीय नौसेना ने की थी और 13 भारतीयों समेत 23 लोगों को बचाया था।
युद्धपोत
नौसेना ने बढ़ाई युद्धपोतों की तैनाती
नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरी कुमार ने कहा, "इस वक्त 11 पनडुब्बियां, 35 युद्धपोत और 5 हवाई जहाज तैनात हैं। इनमें से 10 समुद्री जहाज पश्चिमी समुद्री हिस्से में हैं और इनकी तैनाती तब तक जारी रहेगी, जब तक ये इलाके वाणिज्यिक जहाजों के लिए सुरक्षित नहीं हो जाते।"
नौसेना ने जानकारी इकट्ठा करने और क्षेत्र की निगरानी करने के लिए हवाई प्लेटफार्मों और जहाजों का उपयोग कर इस क्षेत्र को 'निरंतर निगरानी गतिविधियों' की श्रेणी में रखा है।