दिल्ली में आज सीजन की सबसे ठंडी सुबह, तापमान 3.6 डिग्री पर; येलो अलर्ट जारी
क्या है खबर?
पूरा उत्तर भारत इन दिनों भीषण सर्दी की चपेट में है। आज दिल्ली में सुबह तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम है। कई इलाकों में तापमान इससे भी कम रहा।
इस बीच घने कोहरे और ठंड को देखते हुए मौसम विभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी किया है। कोहरी के वजह से रेल यातायात पर भी असर पड़ा है। दिल्ली से गुजरने वाली कम से कम 18 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
अलर्ट
दिल्ली में 3 दिन तक ठंड का येलो अलर्ट
IMD ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में अगले 3 दिनों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है, क्योंकि शीत लहर में कमी आने की संभावना नहीं है।
आज सुबह पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार, असम, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भी कोहरा दर्ज किया गया है। राजस्थान में भी आज येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ट्विटर पोस्ट
दिल्ली में आज सुबह का दृश्य
#WATCH | Delhi: Coldwave and dense fog engulfs the National Capital
— ANI (@ANI) January 13, 2024
(Visuals shot at 7.10 am) pic.twitter.com/rO4S4A0bc3
ट्रेन
कोहरे से दृश्यता कम, ट्रेनें हुईं लेट
दिल्ली में घने कोहरे की वजह से दृश्यता काफी कम हो गई है। इसका असर ट्रेन यातायात पर पड़ा है और कम से कम 18 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 1 से 6 घंटे की देरी से चल रही हैं।
12 जनवरी को भी दिल्ली में ठंड ने 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। तब राजधानी में तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते 5 साल में सबसे कम था।
कोहरे
दिल्लीवासियों पर ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार
दिल्ली में ठंड के साथ हवा का स्तर भी बेहद खराब बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 340 रहा।
27 जगहों पर प्रदूषण बेहद खराब, 4 जगहों पर खराब और एक जगह पर सामान्य स्तर पर रहा। नेहरू नगर का AQI 387, जहांगीरपुरी का 390 और आनंद विहार का 384 रहा।
दिल्ली में अगले कुछ दिनों में तेज हवा और बारिश की संभावना नहीं है।
राज्य
ठंड की चपेट में उत्तर भारत के कई राज्य
हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में कोल्ड डे या सीवियर कोल्ड डे रहने का अनुमान है। हरियाणा के सभी जिलों में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से कम है।
उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर शीतलहर की संभावना है। यहां कानपुर और सहारनपुर में तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रहा।
पटना में 8वीं तक के सभी स्कूलों को 16 जनवरी तक बंद कर दिया गया है। उत्तराखंड में पहाड़ों से ज्यादा सर्दी मैदानी इलाकों में पड़ रही है।