कोरोना संक्रमण: दिल्ली का मोहल्ला क्लिनिक डॉक्टर हुआ कोरोना से संक्रमित, प्रशासन में मचा हड़कंप
क्या है खबर?
दुनिया में अपने पांव पसारने वाले कोरोना वायरस (COVID-19) का संक्रमण इस कदर फैल रहा है कि लोगों की जान बचाने वाले डॉक्टर भी खुद को इससे नहीं बचा पा रहे हैं।
ताजा मामला सामने आया है उत्तर-पूर्व दिल्ली से, जहां मौजपुर में संचालित मोहल्ला क्लिनिक के डॉक्टर के कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
गंभीर बात यह है कि उसकी पत्नी और बेटी भी कोरोन पीड़ित है और उन्हें GTB अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी
प्रशासन में मचा हड़कंप, दिया यह आदेश
डॉक्टर के कोरोना संक्रमण की पुष्टि होते ही दिल्ली प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने 12 से 18 मार्च के बीच मौजपुर क्लिनिक में गए लोगों तथा डॉक्टर के संपर्क में आए अन्य लोगों को अलग रहने के लिए कहा है।
इतिहास
डॉक्टर ने किया था सऊदी अरब से लौटी महिला का इलाज
चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि डॉक्टर ने 10 मार्च को सऊदी अरब से लौटी एक महिला का 12 मार्च को अपने निजी क्लिनिक पर उपचार किया था।
गत 24 मार्च को उस महिला के कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी और अब डॉक्टर के भी संक्रमण हो गया है।
महिला के परिवार में उसकी दो बेटी, मां और भाई तथा एक पड़ोसी के भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। ऐसे में संक्रमितों की संख्या बढ़ने का खतरा है।
नोटिस
चिकित्सा विभाग ने मौजूद में चिपकाए चेतावनी नोटिस
शाहदरा के उपखंड अधिकारी देवासिस बिश्वाल ने बताया कि डॉक्टर के कोरोना संक्रमण होने के बाद विभाग की ओर से मौजपुर में चेतावनी नोटिस चिपकाए गए हैं।
इस नोटिस में लिखा है, 'आप सभी को सूचित किया जाता है कि डॉ......मोहल्ला क्लिनिक, मौजपुर, दिल्ली कोरोना से संक्रमित हैं। ऐसे में वो मरीज/लोग जो दिनांक 12 से 18 मार्च तक मोहल्ला क्लीनिक मौजपुर गए थे उनसे प्रार्थना है कि अगले 15 दिनों तक स्वयं को अपने घरों में अलग रखें।'
निगरानी
की जा रही है महिला के संपर्क में आए 70 लोगों की निगरानी
चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि कोरोना संक्रमित महिला के संपर्क में आए करीब 70 लोगों को चिहि्नत कर उनकी निगरानी की जा रही है।
इनमें से कुछ को राजीव गांधी सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती भी कराया गया है।
वहीं डॉक्टर के संपर्क में 500 से अधिक मरीज आने की आशंका है। इसी वजह से मौजपुर के लोगों में मायूसी छाई हुई है।
यहां प्रतिदिन 100-150 मरीज उपचार के लिए मोहनपुरी के मोहल्ला क्लीनिक पर जाते हैं।
जानकारी
पत्नी और बेटी के संपर्क में आए लोगों की भी जुटाई जा रही जानकारी
उपखंड अधिकारी बिश्वाल ने बताया कि डॉक्टर की पत्नी और बेटी से पूछताछ कर उनके संपर्क में आए लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। ऐसे में अब क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या और बढ़ने का खतरा बढ़ गया है।
उपचार
महिला के संक्रमण की पुष्टि होते ही डॉक्टर को कराया था अस्पताल में भर्ती
उपखंड अधिकारी बिश्वाल ने बताया कि सऊदी अरब से आई महिला के कोरोना की पुष्टि होने के अगले ही दिन डॉक्टर को GTB अस्पताल में भर्ती कराया दिया था।
23 मार्च की रात को उनको सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इस पर डॉ अश्विनी गोयल और हरीश गुप्ता से मदद मांगी गई।
डॉ गुप्ता ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन को जानकारी दी।
डॉ हर्षवर्धन ने विशेष सचिव संजीव कुमार को उन्हें सफदरजंग में भर्ती कराने को कहा था।
ई-पास
खुदरा विक्रेताओं को जारी किए जा रहे हैं ई-पास
इधर, लॉकडाउन के कारण आवश्यक सेवाओं से जुड़े खुदरा विक्रेताओं पर पुलिस कार्रवाई को रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने उन्हें ई-पास जारी करने का निर्णय किया है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दूध, सब्जी और ग्रॉसर्स जैसी आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करने वाले लोग व्हॉट्सऐप के जरिए मोबाइल फोन पर ई-पास पाने के लिए हेल्पलाइन 1031 पर कॉल कर सकते हैं।
ई-पास हासिल करने के बाद उन्हें किसी भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जानकारी
सामान खरीदने के लिए नहीं है ई-पास की जरूरत
उपराज्यपाल अनिल बैजल ने कहा कि लोग दैनिक उपयोग की वस्तुएं खरीदने के लिए आस-पास की दुकानों तक पैदल जा सकते हैं। इसके लिए उन्हें इसके लिए किसी पास की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से दुकानों पर भीड़ नहीं लगाने की अपील की है।
हालत
देश में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति
बता दें कि, देश में अब तक कोरोना वायरस के 665 मामले सामने आ चुके हैं, वहीं 12 लोगों की इसकी वजह से मौत हो चुकी है।
भारत में गुरुवार को आठ नए मामले आए हैं। इसी तरह दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या 35 पहुंच गई है।
महाराष्ट्र में सबसे अधिक तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं दिल्ली, बिहार, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, पंजाब, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में एक-एक शख्स की मौत हुई है।