कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने लागू की नई पाबंदियां
क्या है खबर?
राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने कुछ पाबंदियां लागू की हैं।
इनके तहत शहर में खुली जगहों पर होने वाले शादी और दूसरे समारोह में अधिकतम 200 लोग शामिल हो सकेंगे।
वहीं अगर कोई समारोह हॉल जैसी किसी बंद जगह पर हो रहा है तो उसमें 100 से ज्यादा लोग शामिल नहीं हो सकेंगे।
इसके अलावा अंतिम संस्कार में अधिकतम 50 लोगों के शामिल होने की इजाजत है।
जानकारी
30 अप्रैल तक जारी रहेंगी पाबंदियां
मुख्य सचिव विजय देव की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि ये पाबंदियां 30 अप्रैल तक जारी रहेंगी। इसके अलावा पहले से लागू प्रतिबंध भी जारी रहेंगे। गौरतलब है कि दिल्ली में कुछ दिनों से मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
कोरोना वायरस
दिल्ली में संक्रमण की क्या स्थिति?
दिल्ली में शनिवार को कोरोना के 1,558 नए मामले सामने आए और 10 मौतेें हुईं। ये पिछले ढाई महीनों में एक दिन में मिले मरीजों की सर्वाधिक संख्या है।
इससे पहले शुक्रवार को 1,534, गुरुवार को 1,515 और बुधवार को 1,254 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
ताजा इजाफे के बाद दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या 6,55,834 हो गई है। इनमें से 6,625 सक्रिय मामले हैं, 6,38,212 लोग ठीक हुए हैं और 10,997 की मौत हो चुकी है।
दिल्ली
बिना रजिस्ट्रेशन लगेगी वैक्सीन
दिल्ली में बढ़ते मामलों को देखते हुए केजरीवाल सरकार ने वैक्सीनेशन की रफ्तार बढ़ाने का निर्णय किया है। इसके तहत सरकार ने बिना रजिस्ट्रेशन के भी वैक्सीनेशन करने का निर्णय किया है।
इसके तहत अब शहर में दोपहर 3 से रात 9 बजे तक लोग अस्पतालों में जाकर बिना रजिस्ट्रेशन के भी वैक्सीन लगवा सकेंगे।
इसके अलावा सरकारी अस्पतालों में अब रात 9 बजे तक वैक्सीनेशन किया जाएगा। पहले वैक्सीनेशन 5 बजे तक चलता था।
बयान
बढ़ाई जा रही कोरोना टेस्ट की संख्या- जैन
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्ली में संक्रमण के मामलों में इजाफा हो रहा है। इसको देखते हुए सरकार ने कोरोना टेस्ट की संख्या में इजाफा करने का निर्णय किया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में दिल्ली में प्रतिदिन 85,000-90,000 लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। जांच की यह संख्या राष्ट्रीय औसत से पांच प्रतिशत तक अधिक है। यही कारण है कि दिल्ली में संक्रमितों की संख्या में भी उछाल देखने को मिल रहा है।
इंतजाम
आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाई जाएगी बेडों की संख्या- जैन
स्वास्थ्य मंत्री जैन ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली के अस्पतालों में बेडों की संख्या पर्याप्त है। वर्तमान में अस्पतालों में महज 20 प्रतिशत ही बेड भरे हुए हैं, जबकि 80 प्रतिशत बेड खाली हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध बेडों की लगातार निगरानी की जा रही है। यदि मरीजों की संख्या बढ़ती है और बेडों की कमी आती है तो इजाफा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसी भी मरीज को बिना बेड नहीं रहने दिया जाएगा।
लॉकडाउन
लॉकडाउन कोई समाधान नहीं- जैन
जैन ने कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन लगाने की संभावना से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन कोई समाधान नहीं है। पहले लगातार लॉकडाउन बढ़ाया गया था, लेकिन वायरस खत्म नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि पहले लॉकडाउन लगाने का एक कारण था क्योंकि किसी को भी इस वायरस के बारे में जानकारी नहीं थी। सरकार अब अस्पतालों में बेडों की संख्या पर नजर रखी रही है।