कोरोना: देश में आठ लाख से पार पहुंचे मामले, पांच लाख से ज्यादा लोग हुए ठीक
क्या है खबर?
देश में कोरोना वायरस के मामले आठ लाख से पार पहुंच गए हैं। राहत की बात यह है कि इनमें से पांच लाख से ज्यादा लोग महामारी से ठीक हो चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 8,20,916 है। इनमें से 2,83,407 सक्रिय मामले हैं, 5,15,386 लोग ठीक हुए हैं और 22,123 की मौत हुई है।
बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड 27,114 नए मामले सामने आए और 519 लोगों की मौत हुई।
कोरोना वायरस
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित चार राज्य
महाराष्ट्र देश का सर्वाधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है और यहां अब तक 2,38,461 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, जिनमें से 9,893 की मौत हुई है।
वहीं दूसरे स्थान पर काबिज तमिलनाडु में अब तक 1,30,261 मामले सामने आए हैं और 1,829 की मौत हुई है।
3,300 मौत और 1,09,140 मामलों के साथ दिल्ली और 2,022 मौत और 40,069 मामलों के साथ गुजरात अगले दो सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं।
जानकारी
फिर से लगने लगे लॉकडाउन
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के बीच कई हिस्सों में फिर से लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश में कल रात 10 बजे लॉकडाउन लागू हुआ है, वहीं पुणे में 13 जुलाई से 10 दिन का लॉकडाउन लगेगा।
राहत
भारत में बहुत कम है कोरोना से होने वाली मौतों की दर
भारत में कोरोना से होने वाली मौतों की दर बहुत कम है। यहां प्रत्येक 10 लाख लोगों पर 14.3 की मौत हो रही है।
इस मामले में सबसे कम दर चीन की जहां प्रत्येक दस लाख लोगों पर 3.2, मलेशिया में 3.7, इंडोनेशिया में 11.9 और बांग्लादेश में 12.5 लोगों की मौत हो रही है।
इसके उलट बेल्जियम में सबसे ज्यादा 843 और अमेरिका में 651 और इटली में 576 लोगों की मौत हो रही है।
जानकारी
बीते दिन लगभग 2.83 लाख टेस्ट
बीते दिन देशभर में 2,82,511 सैंपल का कोरोना वायरस टेस्ट किया गया। इसके साथ ही देश में अब तक किए कुल टेस्ट की संख्या बढ़कर एक करोड़ 13 लाख सात हजार दो पहुंच गई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ने यह जानकारी दी।
चिंता
विशेषज्ञों ने संसदीय समिति को बताया- इस साल नहीं आएगी वैक्सीन
एक तरफ जहां भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) 15 अगस्त तक वैक्सीन बाजार में उतारने की बात कह रहा है, वहीं विशेषज्ञों ने संसदीय समिति को बताया है कि इस साल कोरोना वायरस की वैक्सीन उपलब्ध होना मुश्किल है।
इनका कहना है कि अगर कोई वैक्सीन बनती भी है यह अगले साल की शुरुआत तक बन सकेगी। यह वैक्सीन भारत में विकसित और बनी या कहीं और विकसित और भारत में बनी हो सकती है।
कोरोना वायरस
दुनियाभर में बीते दिन मिले 2,28,102 नए मरीज
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, बीते 24 घंटों में दुनियाभर में कोरोना वायरस के 2,28,102 नए मामले सामने आए हैं। महामारी की शुरुआत के बाद एक दिन में मिले ये सर्वाधिक मामले हैं। इससे पहले 4 जुलाई को 2,12,326 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
संगठन ने बताया कि इतने ज्यादा मामलों के पीछे अमेरिका, ब्राजील, भारत और दक्षिण अफ्रीका में बड़ी संख्या में मिले नए मरीजों का हाथ है।
कोरोना वायरस
अलग-अलग देशों में कुल 1.24 करोड़ लोग संक्रमित
पूरी दुनिया की बात करें तो अब तक 1.24 करोड़ लोग इस खतरनाक वायरस की चपेट में आ चुके हैं और 5.60 लाख की मौत हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक, सर्वाधिक प्रभावित देश अमेरिका में अब तक 31.84 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 1.34 लाख की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में 18 लाख संक्रमितों में से 69,184 की मौत हुई है।
संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे और मौतों के मामले में आठवें स्थान पर है।