
तहव्वुर राणा से पहले अबु सलेम समेत इन अपराधियों का प्रत्यर्पण करा चुका है भारत
क्या है खबर?
मुंबई आतंकी हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पित कर भारत लाया जा रहा है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने तहव्वुर की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उसने भारत प्रत्यर्पण पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके बाद तहव्वुर को भारत लाने का रास्ता साफ हो गया है।
तहव्वुर से पहले भारत ने अबु सलेम, क्रिश्चियन मिशेल और रवि पुजारी जैसे अपराधियों को भारत लाया गया है।
आइए ऐसे लोगों की सूची पर नजर डालते हैं।
अबू सलेम
अबू सलेम
1993 मुंबई धमाकों के मुख्य आरोपियों में से एक अबू सलेम हमले के बाद पुर्तगाल भाग गया था। साल 2005 में उसे पुर्तगाल से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था।
अबू सलेम पर भारत में गंभीर अपराधों के अनेक मामले दर्ज हैं। 1993 धमाकों के मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। फिलहाल सलेम जेल में बंद है।
हाल ही में उसने सजा में छूट की मांग करते हुए मुंबई हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।
क्रिश्चियन मिशेल
क्रिश्चियन मिशेल
अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे में हुए कथित घोटाले के बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल को 2018 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से प्रत्यर्पित किया गया था।
भारत-UAE के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत ये पहला बड़ा प्रत्यर्पण था। फिलहाल मिशेल न्यायिक हिरासत में है। मिशेल ने कई बार अलग-अलग कोर्ट में जमानत याचिका दायर की है, जो खारिज हो गई है।
इसी साल मिशेल ने जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख भी किया है।
रवि पुजारी
रवि पुजारी
गैंगस्टर रवि पुजारी को 2020 में सेनेगल से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। पुजारी पर भारत में हत्या और जबरन वसूली के करीब 200 मामले दर्ज हैं।
वो माफिया डॉन छोटा राजन का भी सहयोगी रह चुका है। उस पर शाहरुख खान, सलमान खान समेत कई बॉलीवुड सितारों को धमकाने का आरोप है।
सेनेगल में गिरफ्तारी से बचने के लिए पुजारी फर्जी पासपोर्ट के जरिए दक्षिण अफ्रीका भाग गया था।
अन्य
इन अपराधियों का भी हुआ प्रत्यर्पण
दिल्ली के गैंगस्टर नीरज बवाना के सहयोगी फतेह सिंह का 2023 में थाईलैंड से प्रत्यर्पण किया गया था। उस पर हत्या और जबरन वसूली सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले में धन शोधन और अवैध धन प्राप्ति के आरोपों में कारोबारी राजीव सक्सेना का 2019 में UAE से भारत प्रत्यर्पण किया गया था। मिशेल के प्रत्यर्पण के बाद 31, जनवरी 2019 को सक्सेना को भारत लाया गया था।
इंतजार
इन अपराधियों के प्रत्यर्पण का है इंतजार
किंगफिशर एयरलाइंस के पूर्व प्रवर्तक और शराब कारोबारी विजय माल्या पर 9,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का लोन डिफॉल्ट का मामला चल रहा है। 2016 में माल्या देश छोड़कर भाग गया था। फिलहाल वो लंदन में रह रहा है।
हीरा कारोबारी नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी 14,000 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक लोन धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी हैं।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई के प्रत्यर्पण की भी भारत कोशिश कर रहा है।