LOADING...
दिल्ली से बैंकाक की एयर इंडिया उड़ान में पुरुष यात्री ने अपने सहयात्री पर पेशाब किया 
एयर इंडिया के विमान में यात्री ने अपने सहयात्री पर पेशाब की

दिल्ली से बैंकाक की एयर इंडिया उड़ान में पुरुष यात्री ने अपने सहयात्री पर पेशाब किया 

लेखन गजेंद्र
Apr 09, 2025
06:07 pm

क्या है खबर?

दिल्ली से बैंकाक के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया के विमान में एक बार फिर यात्री द्वारा अपने सहयात्री पर पेशाब करने का मामला सामने आया है। घटना 9 अप्रैल को तब हुई, जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2336 दिल्ली से बैंकॉक में उतरने जा रही थी। तभी बिजनेस क्लास में एक पुरुष यात्री ने एक कंपनी के बड़े अधिकारी पर पेशाब कर दिया। हालांकि, अधिकारी ने आरोपी यात्री के खिलाफ शिकायत देने से मना कर दिया।

घटना

आरोपी यात्री ने पीड़ित यात्री से माफी मांगी

आरोपी यात्री ने अपनी गलती मानकर माफी मांग ली है। हालांकि, यह घटना किन हालात में हुई, उसकी जानकारी सामने नहीं आई है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उसने आरोपी यात्री को चेतावनी दे दी है और चालक दल ने पीड़ित यात्री को बैंकॉक में अधिकारियों के साथ शिकायत करने में सहायता करने की पेशकश की, लेकिन उन्होंने अस्वीकार कर दिया। घटना का आकलन करने के लिए स्थायी स्वतंत्र समिति बुलाई जाएगी।

घटना

एयर इंडिया में पहले भी हो चुकी है ऐसी घटनाएं

एयर इंडिया में यह पहली बार नहीं है। इससे पहले 2 बार ऐसी घटना हो चुकी है। 24 जून, 2023 को मुंबई-दिल्ली की एयर इंडिया उड़ान में यात्री राम सिंह ने विमान में पेशाब करने के बाद शौच कर दिया था। उसे दिल्ली में उतरने पर गिरफ्तार किया गया था। इसी तरह 26 नवंबर, 2022 को अमेरिका से दिल्ली की एयर इंडिया उड़ान में यात्री शंकर मिश्रा ने नशे में महिला सहयात्री पर पेशाब किया था, जो गिरफ्तार हुआ था।