Page Loader
#NewsBytesExplainer: क्या चुराया हुआ है 'एनिमल' का संगीत? जानें 'अर्जन वैली' का इतिहास
चर्चा में 'एनिमल' का गाना 'अर्जन वैली'

#NewsBytesExplainer: क्या चुराया हुआ है 'एनिमल' का संगीत? जानें 'अर्जन वैली' का इतिहास

Dec 18, 2023
10:00 am

क्या है खबर?

रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' सिनेमाघरों में मजबूती से जमी हुई है। फिल्म रिलीज होने के पहले से ही काफी चर्चा में थी। इसकी बड़ी वजह थी फिल्म का संगीत। किसी को 'दुनिया जला देंगे' सुनकर 'लंबर्गिनी' की याद आई, तो किसी ने 'अर्जन वैली' पर सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। आपको बताते हैं 'एनिमल' फिल्म के इन गानों के रोचक इतिहास के बारे में।

दुनिया जला देंगे

पंजाबी टप्पे पर आधारित है 'दुनिया जला देंगे'

सबसे पहले बात करते हैं 'दुनिया जला देंगे' की। अगर आपको भी इस गाने से किसी और गाने की याद आती है और आप इसे चुराया हुआ संगीत समझ रहे हैं तो आप गलत हैं। दरअसल, बी प्राक का यह गाना पंजाबी टप्पे पर आधारित है। टप्पे पंंजाबी लोक गीत की एक शैली है, जिसे पुराने जमाने में ऊंट चलाने वाले गाया करते थे। ये लोक गीत किसी को पुकारने और प्रतिक्रिया देने का एक तरीका हुआ करते थे।

टप्पे 

क्या है पंजाबी टप्पे?

टप्पे पर बने किसी गाने की पहली और तीसरी पंक्ति की तुकबंदी होती है। यह संगीत की एक शैली मात्र है, जिस पर कोई भी अपने बोल बना सकता है। यही वजह है कि यह गाना आपको कई अन्य गानों की याद दिलाता है। लोकप्रिय पंजाबी गाना 'लंबर्गिनी', फिल्म 'शिद्दत' का गाना 'चिट्टा' औ`र जगजीत सिंह और चित्रा सिंह का गाया हुआ गाना 'कोठे ते आ माहिया' इसी शैली पर बने गीत है।

धाड़वारी शैली

धाड़वारी शैली पर आधारित है 'अर्जन वैली'

फिल्म का गाना 'अर्जन वैली' भी खूब चर्चा में है। खासकर, सोशल मीडिया पर यह गाना खूब वायरल है। यह गाना भी पंजाब के ही लोकप्रिय लोक संगीत शैली धाड़ीवार संगीत से लिया गया है। इस शैली को 10वें सिख गुरु, गुरु गोबिंद सिंह ने बनाया था। इसका उपयोग मुगलों से लड़ने वाले सिख सैनिकों का हौसला बढ़ाने के लिए किया जाता था। 'वैली' शब्द का प्रयोग बुराई के खिलाफ लड़ने वाले किसी जांबाज के लिया किया जाता है।

अर्जन सिंह 

कौन थे अर्जन सिंह? 

'अर्जन वैली' गाना अर्जन सिंह नलवा के लिए लिखा गया है। अर्जन सिंह सिख खालसा फौज के सेनापति हरि सिंह के बेटे थे। पिता की मौत के बाद उन्होंने इस फौज की कमान अपने हाथों में ले ली थी। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ जबरदस्त जंग लड़ी थी और युद्धक्षेत्र में अपने कुल्हाड़ी से खूब तबाही मचाई थी। वह अपने पैरों का इस्तेमाल करके दुश्मन पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर देते थे।

एनिमल का गाना 

रणबीर के लिए इस्तेमाल हुआ 'अर्जन वैली' गाना

'एनिमल' के इस गाने को भूपिंदर बब्बल ने लिखा है। जोश भरने वाले इस गाने को गाया भी भूपिंदर ने ही है। इसका संगीत पंजाबी लोक कलाकार कुलदीप मानक ने तैयार किया है। फिल्म में यह गाना रणबीर की बहादुरी को दिखाने के लिए हुआ है, जहां पर वह अकेले कई दुश्मनों का कुल्हाड़ी से सफाया करते हैं। 'अर्जन वैली ने ओ पैर जोड़के गंडासी मारी' उनके पैर से कुल्हाड़ी मारने की प्रतिभा को दर्शाता है।

पुराना वर्जन 

1983 में अर्जन सिंह पर बना था यह गाना

इससे पहले 1983 के गाने 'पुट्ट जट्टन दे' में भी अर्जन वैली की बहादुरी को बताया गया था। यह गाना इसी नाम से आई फिल्म का हिस्सा था। इस गाने में दलजीत कौर, बलदेव खोसा, शत्रुघ्न सिन्हा और धर्मेंद्र नजर आए थे। इस गाने को मशहूर पंजाबी गायक सुरिंदर शिंदा ने गाया था। सुरिंदर पंजाबी संगीत जगत के मशहूर गायक थे। इसी साल जुलाई में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया था।

जानकारी

'अर्जन वैली' को लेकर हो चुका विवाद

संदीप रेड्डी वांगा द्वारा निर्देशित 'एनिमल' की रिलीज के बाद इस पर कई तरह के सवाल भी उठे। राज्यसभा में कांग्रेस सांसद रनजीत रंजन ने 'अर्जन वैली' गाने पर सवाल उठाए थे। उन्होंने इसे सिख समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला बताया था।