
UPSC EPFO: परीक्षा से पहले जरूर पढ़ें राजनीति विज्ञान, इतिहास और अर्थशास्त्र के ये टॉपिक
क्या है खबर?
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) में प्रवर्तन अधिकारी, लेखा अधिकारी और सहायक भविष्य निधि आयुक्त की भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 2 जुलाई को है।
परीक्षा का आयोजन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा किया जाएगा।
300 अंक की परीक्षा में 120 सवाल पूछे जाते हैं। इसमें से कई सवाल अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास और विज्ञान से होते हैं।
आइए जानते हैं UPSC EPFO परीक्षा के लिए इन विषयों के महत्वपूर्ण टॉपिक।
अर्थशास्त्र
अर्थशास्त्र के महत्वपूर्ण टॉपिक
पिछले साल के प्रश्नपत्रों पर नजर डालें तो अर्थशास्त्र में सबसे ज्यादा सवाल केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में पूछे जाते हैं।
उम्मीदवार पेंशन, इंश्योरेंस, इंफ्रास्टक्चर योजना के बारे में अच्छी तरह पढ़ें।
इसके अलावा विदेशी निवेश, दूरसंचार नीति से जुड़े नियमों को याद करें।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF), विश्व व्यापार संगठन (WTO) के सदस्य देश, मुख्यालय और नियमों के बारे में पढ़ें।
महंगाई, प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष कर, व्यापार नियम, RBI की मौद्रिक नीति से जुड़े विषयों को कवर करें।
राजनीति
राजनीति विज्ञान में इन टॉपिक्स पर दें ध्यान
पिछले सालों का ट्रेंड देखें तो परीक्षा में राजनीति विज्ञान से 3 से लेकर 10 सवाल पूछे जाते हैं।
इस विषय में मुख्य फोकस न्यायपालिका, केंद्र और राज्यों के बीच शक्तियों का विभाजन, श्रम कल्याण से जुड़े विषयों पर रखें।
मौलिक अधिकार से जुड़े प्रमुख अनुच्छेद, 1 से लेकर 12 तक अनुसूचियों के विषय, राज्य के नीति निर्देशक तत्व, मौलिक कर्तव्य, संविधान में संशोधन के नियम, विधेयकों से संबंधित नियम और इमरजेंसी प्रावधानों के बारे में पढ़ें।
इतिहास
इतिहास के जरूरी टॉपिक
परीक्षा के पाठ्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम और आधुनिक भारत का इतिहास शामिल है।
इस विषय में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हुई अलग-अलग घटनाओं के बारे में पढ़ें, जैसे चंपारण सत्याग्रह, खेड़ा सत्याग्रह, दांडी मार्च, खिलाफत आंदोलन, काकोरी कांड, 1857 का संग्राम, समाज सुधार आंदोलन आदि को कवर करें।
महत्वपूर्ण व्यक्तियों द्वारा लिखी गई किताबें और टिप्पणियों को याद करें।
संविधान सभा, मुस्लिम लीग, ब्रिट्रिश सरकार के एक्ट (मार्ले-मिंटो, भारत सरकार अधिनियम), कांग्रेस की स्थापना और अधिवेशन के बारे में पढ़ें।
विज्ञान
विज्ञान के इन टॉपिक्स पर दें ध्यान
2016 और 2020 में आयोजित हुई EPFO परीक्षा में विज्ञान से 20 से ज्यादा सवाल पूछे गए हैं।
ये विषय परीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। इस विषय के लिए कक्षा 11 और कक्षा 12 की फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी की किताबें पढ़ें।
मानव शरीर से जुड़ी जानकारी, पादप विज्ञान की महत्वपूर्ण अवधारणाओं को याद कर लें।
इस विषय को करेंट अफेयर्स से जोड़ कर पढ़ें। विज्ञान के क्षेत्र में विकसित हुई नई टेक्नोलॉजी के बारे में जानकारी जुटाएं।