Page Loader
कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाता: ऑनलाइन कैसे जोड़ें नॉमिनी की जानकारी, जानें पूरी प्रक्रिया

कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाता: ऑनलाइन कैसे जोड़ें नॉमिनी की जानकारी, जानें पूरी प्रक्रिया

Apr 23, 2019
03:41 pm

क्या है खबर?

जैसा कि सभी को पता है कि कर्मचारियों के वेतन से कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) एक अनिवार्य योगदान है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जो EPF खातों की निगरानी करने वाली एक एजेंसी है, ग्राहकों को इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर अपना नॉमिनी विवरण ऑनलाइन जमा करने की अनुमति देता है। यहाँ जानें आप कैसे अपने EPF खाते में नॉमिनी की जानकारी और अन्य जानकारी को ऑनलाइन जोड़ सकते हैं।

जानकारी

EPF खाते में क्यों करना चाहिए सदस्यों को नॉमिनेट

परिवार के सदस्यों को अपने EPF खाते में नामांकित (नॉमिनेट) करना महत्वपूर्ण है, क्योंकि व्यक्ति की मृत्यु के बाद केवल नॉमिनेट सदस्य ही उसके खाते से EPF का पैसा निकाल पाएँगे। खाते में एक या एक से अधिक सदस्यों के नाम जोड़े जा सकते हैं।

प्रक्रिया 1

EPF खाते में साइन इन करें और और नॉमिनी का विवरण दर्ज करें

सबसे पहले EPFO वेबसाइट पर लॉग-इन करें और अपने UAN (यूनिवर्सल अकाउंट नंबर) और पासवार्ड का इस्तेमाल करके साइन इन करें। अब 'मैनेज' टैब पर क्लिक करें और ई-नॉमिनेशन विकल्प पर जाएँ। इसके बाद 'पारिवारिक विवरण जोड़ें' पर क्लिक करें और नॉमिनी सदस्यों के विवरण (नाम, जन्मतिथि, पता, संबंध और आधार संख्या) दर्ज करें। अपने EPF खाते में एक से अधिक नॉमिनी जोड़ने के लिए 'ऐड रो' विकल्प पर क्लिक करें।

प्रक्रिया 2

नॉमिनी का शेयर जोड़ें और अपना अनुरोध सबमिट करें

इसके बाद आगे 'नॉमिनेशन विवरण' पर जाएँ और कुल राशि और नॉमिनी शेयर की घोषणा करें। अब 'सेव EPF नॉमिनेशन' बटन पर क्लिक करें। फिर OTP जेनरेट करने के लिए ई-साइन बटन पर क्लिक करें, जिसे आपके आधार पंजीकृत मोबाइल पर भेजा जाएगा। आगे OTP को सत्यापित करें। अंत में आपका ई-नॉमिनेशन EPFO के साथ पंजीकृत हो जाएगा। ऑनलाइन नॉमिनेशन पूरा करने के बाद अपने नियोक्ता को कोई भी फ़िजिकल दस्तावेज़ भेजने की ज़रूरत नहीं है।