Page Loader
जानिए UGC NET के लिए कानून का पाठ्यक्रम और तैयारी के टिप्स
कानून से UGC NET की तैयारी (तस्वीरः फ्रीपिक)

जानिए UGC NET के लिए कानून का पाठ्यक्रम और तैयारी के टिप्स

लेखन राशि
Apr 14, 2023
04:50 pm

क्या है खबर?

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की ओर से राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) साल में 2 बार आयोजित की जाती है। इस परीक्षा में लाखों उम्मीदवार भाग लेते हैं। ये परीक्षा उम्मीदवारों को भारत के प्रमुख संस्थानों में जूनियर रिसर्च फेलोशिप हासिल करने और असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में काम करने का मौका देती है। कई छात्र कानून विषय से परीक्षा की तैयारी करते हैं। आइए जानते हैं UGC NET के लिए कानून विषय का पाठ्यक्रम और तैयारी के टिप्स।

पाठ्यक्रम 

कानून विषय का पाठ्यक्रम क्या है?

UGC NET के लिए कानून के पाठ्यक्रम को 10 खंडों में बांटा गया है। खंड 1- विधिशास्त्र खंड 2- संवैधानिक और प्रशासनिक विधि खंड 3- लोक अंतरराष्ट्रीय विधि और अंतरराष्ट्रीय मानवता विधि खंड 4- अपराध विधि खंड 5- अपकृत्य विधि और उपभोक्ता सरंक्षण खंड 6- वाणिज्य विधि खंड 7- पारिवारिक विधि खंड 8- पर्यावरण और मानव अधिकार विधि खंड 9- बौद्धिक संपदा अधिकार और सूचना प्रौद्योगिकी विधि खंड 10- तुलनात्मक लोक विधि और शासन प्रणाली

किताब

कानून के लिए कौनसी किताबें पढ़ें?

कानून से UGC NET की तैयारी के लिए अच्छी अध्ययन सामग्री चुनना सबसे ज्यादा आवश्यक है। उम्मीदवार सुमन चौहान की UGC NET कानून, दिशा की NTA UGC NET गाइड, अपूर्व भारद्वाज की UGC NET कानून, रतनलाल धीरजलाल की भारतीय दंड संहिता, डॉक्टर शिवानी गोस्वामी की पारिवारिक कानून की किताब का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन पुस्तकों में सरल तरीके से अवधारणाएं समझाई गई हैं। पिछले साल के प्रश्नपत्रों के लिए पियर्सन की किताब का इस्तेमाल कर सकते हैं।

टॉपिक

किन टॉपिकों पर करें फोकस?

विधिशास्त्र की प्रमुख शाखाएं, नैतिकता, अधिकार और कर्तव्य, न्यायपालिका, राज्य और संघपालिका, निर्वाचन आयोग, मौलिक अधिकार, नीति निदेशक तत्व, विधायी शक्तियों का वितरण आदि टॉपिक पढ़ें। अंतरराष्ट्रीय विधि के स्त्रोत, सरकारों की मान्यता, विश्व व्यापार संगठन, संयुक्त राष्ट्र संघ, अपराध के चरण, महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध, सजा के प्रकार, अपकृत्य दायित्व और सिद्धांत, उपभोक्ता सरंक्षण अधिनियम, मोटरयान अधिनियम, संविदा और कंपनी विधि, विवाह संस्था के बदलते आयाम, तलाक, अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण विधि, साइबर अपराध से संबंधित टॉपिक महत्वपूर्ण हैं।

UGC NET

ऐसे करें तैयारी

अभ्यर्थी प्रतिदिन कम से कम 6-8 घंटे पढ़ें। पाठ्यक्रम के महत्वपूर्ण खंडों के नोट्स बनाएं। UGC NET के लिए रिवीजन को समय दें। पिछले साल के प्रश्नपत्र और मॉक टेस्ट का अभ्यास करें, इससे प्रदर्शन में सुधार होगा। उम्मीदवार महत्वपूर्ण विषयों की सूची बना लें, इन्हें पढ़ने में ज्यादा समय दें। कई बार उम्मीदवार ज्यादा से ज्यादा चीज़ें पढ़ने की कोशिश करते हैं, आप ऐसा न करें। पाठ्यक्रम के अनुरूप सीमित अध्ययन सामग्री से ही पढ़ाई करें।