Page Loader
UGC-NET के नतीजे घोषित, ऐसे डाउनलोड स्कोरकार्ड
UGC-NET दिसंबर 2020 और जून 2021 की परीक्षाओं के नतीजे घोषित

UGC-NET के नतीजे घोषित, ऐसे डाउनलोड स्कोरकार्ड

लेखन तौसीफ
Feb 19, 2022
03:12 pm

क्या है खबर?

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) 2021 के परिणामों का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। UGC की तरफ से आयोजित UGC-NET दिसंबर 2020 और जून 2021 की परीक्षाओं के परिणाम आज यानी 19 फरवरी, 2022 को घोषित कर दिए हैं। जिन उम्मीदवारों ने यह परीक्षा दी थी, वह UGC-NET या नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की अधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परिणाम देख सकते हैं।

आयोजन

20 नवंबर, 2021 से लेकर 5 जनवरी, 2022 तक आयोजित हुई थी UGC-NET परीक्षा

कोरोना वायरस की महामारी के कारण UGC-NET दिसंबर 2020 और UGC-NET जून 2021 दोनों परीक्षाएं अपने पहले से निर्धारित समय पर नहीं हो सकी थीं। इसके बाद UGC की तरफ से इन दोनों परीक्षाओं को एक साथ 20 नवंबर, 2021 से लेकर 5 जनवरी, 2022 तक आयोजित कराया गया था। कुल 81 विषयों के लिए देश के 239 शहरों में 837 केंद्रों पर यह परीक्षा आयोजित की गई थी और इसमें लगभग 12 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे।

जानकारी

तीन चरणों में आयोजित हुईं थी परीक्षाएं

इस परीक्षा को तीन चरणों में आयोजित किया गया था। पहले चरण को 20 नवंबर से 5 दिसंबर, 2021 के बीच, दूसरे चरण को 24 से 27 दिसंबर, 2021 के बीच और तीसरे चरण को 4 से 5 जनवरी, 2022 को आयोजित किया गया था।

अंक

कट-ऑफ अंकों के बारे में जानें

पेपर-1 में अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 100 में से 40 अंक प्राप्त करने होंगे, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 100 में से 35 अंक प्राप्त करने होंगे। पेपर-2 में अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 200 में से 70-75 अंक प्राप्त करने होंगे, न्यूनतम अंक होंगे OBC और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 65 से 70, SC के लिए यह 60 से 65 और ST के लिए 55 से 60 होगा।

नतीजे

UGC-NET के नतीजे कैसे देखें?

UGC-NET के नतीजे देखने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट www.ugcnet.nta.nic.in पर जाएं। होमपेज के नीचे उपलब्ध 'NTA UGC-NET रिजल्ट 2021' लिंक पर क्लिक करें। अब स्क्रीन पर एक नया पेज दिखेगा, यहां UGC-NET आवेदन फॉर्म नंबर और पासवर्ड या जन्म तिथि दर्ज करें। इसके बाद स्क्रीन पर UGC-NET परिणाम प्रदर्शित हो जाएगा। अब उम्मीदवार UGC-NET 2021 परिणाम डाउनलोड करें और आगे के उपयोग के लिए प्रिंटआउट ले कर रख लें।