Page Loader
UGC NET: अरब संस्कृति और इस्लामी अध्ययन विषय से ऐसे करें परीक्षा की तैयारी
अरब संस्कृति और इस्लामी अध्ययन से UGC NET की तैयारी (तस्वीरः फ्रीपिक)

UGC NET: अरब संस्कृति और इस्लामी अध्ययन विषय से ऐसे करें परीक्षा की तैयारी

लेखन राशि
May 19, 2023
01:52 pm

क्या है खबर?

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) पास करने के बाद युवाओं को विश्वविद्यालयों में काम करने और अनुसंधान करने का मौका मिलता है। शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में करियर बनाने की चाह रखने वाले युवा अपने पसंदीदा विषय से UGC NET की तैयारी करते हैं। इन्हीं में से एक विषय है अरब संस्कृति और इस्लामी अध्ययन। आइए UGC NET के लिए इस विषय का पाठ्यक्रम और महत्वपूर्ण टॉपिकों के बारे में जानते हैं।

पाठ्यक्रम

अरब संस्कृति और इस्लामी अध्ययन का पाठ्यक्रम क्या है?

इस विषय के पाठ्यक्रम को कुल 10 खंड़ों में बांटा गया है। खंड 1- इस्लाम का उद्भव खंड 2- उमाविया शासक खंड 3- अब्बासी शासक खंड 4- स्पेन और सिसिली में अरबी शासन खंड 5- पूर्वी और पश्चिमी राजवंश खंड 6- उस्मानी और सफवी साम्राज्य खंड 7- भारत में इस्लाम खंड 8- इस्लामिक शास्त्र, तफ्सीर, हदीस और फिक खंड 9- मुस्लिम दर्शन सूफीवाद और ज्ञान में मुस्लिम योगदान खंड 10- इस्लाम में आधुनिक प्रवृत्तियां और आंदोलन

किताब

कौनसी किताबें पढ़ें?

उम्मीदवार खालिद हुसैन और मुहीब अहद की UGC NET JRF इस्लामी अध्ययन अरब संस्कृति और इस्लामी अध्ययन, प्रोफेसर मसूदुल हसन की इस्लाम का इतिहास, करेन आर्मस्ट्रांग की इस्लाम और के सजद अहमद की इस्लामिक स्टडीज जैसी किताबों का इस्तेमाल कर सकते हैं। उम्मीदवार पाठ्यक्रम में बताए गए टॉपिकों पर इंटरनेट की मदद से नोट्स बनाकर भी पढ़ाई कर सकते हैं। ज्यादा किताबें पढ़ने की अपेक्षा सीमित अध्ययन सामग्री का इस्तेमाल करें और रिवीजन पर ज्यादा फोकस करें।

टॉपिक

किन टॉपिकों पर करें फोकस?

उम्मीदवार इस्लाम के अलग-अलग आंदोलन, युवा तुर्क आंदोलन, सैयद अहमद शहीद और उनका आंदोलन, ईरानी क्रांति, मुस्लिम दर्शन, सूफीवाद, सूफी संत और संप्रदाय, मुगल शासन और प्रशासन के बारे में पढ़ें। इनसे परीक्षा में सवाल पूछे जा सकते हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी भारत में इस्लाम का आगमन, दिल्ली सल्तनत, मुगल कला, वास्तु कला, कुरान की नैतिक और सामाजिक बातें, गजनवी, सामानी, ममलूक जैसे वंश, उमाविया प्रमुख शासक, खिलाफत संस्था, मक्का-मदीना में पैगंबर आदि के बारे में पढ़ें।

तैयारी

ऐसे करें तैयारी

अरब संस्कृति और इस्लाम के अध्ययन में आपको कई सारे तथ्य याद करने होंगे। इसके लिए प्रत्येक खंड के नोट्स बना लें और जानकारियां याद करने के लिए मानचित्र और फ्लोचार्ट का इस्तेमाल करें। अरब से जुड़ी संस्कृतियों की समझ बढ़ाने के लिए यूट्यूब का इस्तेमाल करें। प्रत्येक दिन लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करें। इस तरह पाठ्यक्रम जल्दी कवर कर सकेंगे। उम्मीदवार पिछले साल के प्रश्नपत्रों और मॉक टेस्ट को जरूर हल करें। पेपर 1 के लिए भी अभ्यास करें।