Page Loader
शेयर बाजार: 800 अंक टूटा सेंसेक्स, क्या है इस गिरावट की वजह?
शेयर बाजार में सुबह-सुबह ही 800 अंक टूटा सेंसेक्स (तस्वीर: फ्रीपिक)

शेयर बाजार: 800 अंक टूटा सेंसेक्स, क्या है इस गिरावट की वजह?

May 22, 2025
11:53 am

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में बुधवार (21 मई) की बढ़त के बाद आज (22 मई) फिर गिरावट देखने को मिल रही है। कारोबारी दिन शुरू होते ही सेंसेक्स 800 अंक से अधिक टूटकर 80,727.11 के निचले स्तर तक पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 भी 24,550 के नीचे फिसलकर 24,541.60 तक गिर गया। सुबह 11:05 बजे सेंसेक्स 670 अंक नीचे 80,926 पर और निफ्टी 219 अंक गिरकर 24,594 पर था। मिडकैप इंडेक्स 0.22 प्रतिशत गिरा, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स 0.17 प्रतिशत ऊपर रहा।

वजह

शेयर बाजार में गिरावट की वजहें क्या हैं?

आज भारतीय शेयर बाजार में आई गिरावट के पीछे कई अहम कारण रहे। सबसे पहले अमेरिका में बढ़ते कर्ज और कमजोर बॉन्ड नीलामी से वैश्विक बाजारों में घबराहट फैली। इससे निवेशकों में जोखिम लेने की इच्छा कम हुई। दूसरी ओर, इजरायल और ईरान के बीच तनाव और संभावित सैन्य कार्रवाई की खबरों ने भी वैश्विक अस्थिरता को बढ़ाया। साथ ही घरेलू स्तर पर नए सकारात्मक संकेतकों की कमी, ऊंचे मूल्यांकन और कमजोर तिमाही कमाई ने बाजार को और नीचे खींचा।

दबाव 

कमजोर तिमाही नतीजे और ऊंचे मूल्यांकन से दबाव 

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत की कंपनियों के चौथी तिमाही नतीजे उम्मीद से कमजोर रहे हैं। निफ्टी-50 में मुनाफा बढ़ा है, लेकिन कई सेक्टरों में मांग और लाभ के संकेत कमजोर हैं। उपभोक्ता कंपनियों की बिक्री धीमी रही, बैंकों की कर्ज वृद्धि कमजोर रही और IT कंपनियों ने नरम रुख दिखाया। हालिया तेजी से स्टॉक्स महंगे हो गए हैं, जिससे मिड और स्मॉल कैप शेयरों में निवेश को लेकर सतर्कता बढ़ी है और बाजार में बिकवाली देखने को मिली।

अन्य

नए संकेतों की कमी और निवेशकों की सतर्कता 

भारत के घरेलू बाजार में फिलहाल कोई नया ट्रिगर नहीं दिख रहा जो तेजी को समर्थन दे सके। अमेरिका और भारत के बीच व्यापार वार्ता पर स्थिति साफ नहीं है। निवेशक अब मैक्रोइकोनॉमिक संकेतों और आने वाले महीनों की आय पर ध्यान दे रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार अब अनिश्चित दौर में है, जहां किसी भी नकारात्मक खबर से बड़ी गिरावट हो सकती है। ऐसे माहौल में निवेशक सतर्क हो गए हैं और मुनाफावसूली का रुख अपना रहे हैं।