Page Loader
शेयर बाजार: सेंसेक्स और निफ्टी 50 में गिरावट के बावजूद क्यों निफ्टी बैंक में है तेजी? 
सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट देखने को मिल रही है

शेयर बाजार: सेंसेक्स और निफ्टी 50 में गिरावट के बावजूद क्यों निफ्टी बैंक में है तेजी? 

Apr 16, 2025
01:28 pm

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज (16 अप्रैल) सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि, इस बीच निफ्टी बैंक इंडेक्स में लगातार तीसरे दिन तेजी बनी हुई है। बैंक निफ्टी आज 52,690 पर खुला और कुछ ही देर बाद 52,821 के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया। इसमें 442 अंकों की बढ़त दर्ज की गई, जो कि लगभग 1.80 प्रतिशत रही। पिछले 3 सत्रों में इंडेक्स 2,600 अंक यानी 5 प्रतिशत से अधिक चढ़ चुका है।

वजह

बैंक निफ्टी में तेजी की बड़ी वजहें 

आज बैंक निफ्टी में तेजी आने के पीछे सबसे बड़ी वजह ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद है। RBI की पिछली बैठक में रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट की कटौती की गई, जिससे कर्ज देने का कारोबार बढ़ने की संभावना बनी है। इसके अलावा 2025 की चौथी तिमाही में मजबूत नतीजों की उम्मीद, मार्च 2025 में CPI महंगाई दर में गिरावट और RBI द्वारा रुख 'तटस्थ' से 'समायोज्य' करने जैसी बातें भी बैंकिंग सेक्टर के लिए पॉजिटिव साबित हुईं।

राय 

मजबूत बिजनेस अपडेट और बाजार की राय 

बैंकों ने मार्च, 2025 तिमाही में मजबूत बिजनेस अपडेट दिए हैं। CASA यानी कम लागत वाले जमा में सुधार और कर्ज की मांग बढ़ने से बैंकिंग सेक्टर में मजबूती आई है। यस बैंक और IDFC फर्स्ट बैंक जैसे बैंकों ने बेहतर प्रदर्शन दिखाया है। बाजार के जानकारों के मुताबिक, अगर बैंक निफ्टी 52,000 से ऊपर बना रहता है, तो यह तेजी की दिशा बनाए रखेगा। 51,750 तक गिरावट आने पर भी यह खरीदारी का अच्छा मौका माना जा रहा है।