Page Loader
शेयर बाजार: सुबह-सुबह 900 अंकों तक टूटा सेंसेक्स, क्या है इस गिरावट की वजह?
सुबह-सुबह 900 अंकों तक टूटा सेंसेक्स (तस्वीर: फ्रीपिक)

शेयर बाजार: सुबह-सुबह 900 अंकों तक टूटा सेंसेक्स, क्या है इस गिरावट की वजह?

May 27, 2025
10:43 am

क्या है खबर?

भारतीय शेयर बाजार में आज (27 मई) जोरदार गिरावट देखने को मिल रही है। लगातार 2 सत्रों की तेजी के बाद सेंसेक्स 900 अंकों तक टूट गया और निफ्टी 50 में भी 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई। सेंसेक्स 82,038.20 पर खुला और 81,303.88 तक गिरा, जबकि निफ्टी 24,956.65 से खुलकर 24,765.75 के निचले स्तर तक पहुंचा। सुबह 09:50 बजे सेंसेक्स 709 अंक गिरकर 81,468 पर और निफ्टी 206 अंक गिरकर 24,796 पर कारोबार कर रहा था।

 वैश्विक संकेत 

कमजोर वैश्विक संकेत और मुनाफा बुकिंग की मार 

आज शेयर बाजार में गिरावट की बड़ी वजह वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत हैं। एशिया के बाजार जैसे जापान का निक्केई और कोरिया का कोस्पी भी लाल निशान पर हैं। अमेरिका में कर-कटौती से राजकोषीय घाटा बढ़ने की चिंता है, जिससे निवेशकों में घबराहट है। हाल की तेजी के बाद निवेशक मुनाफा बुकिंग कर रहे हैं। निफ्टी के 49 शेयर सुबह ही गिरावट में थे, जिससे बाजार पर नकारात्मक असर पड़ा।

 निवेश 

विदेशी निवेश में कमी और ऊंचा मूल्यांकन 

मई में विदेशी निवेशकों ने भारत के शेयरों में सीमित दिलचस्पी दिखाई। बीते दिन (26 मई) केवल 135.98 करोड़ रुपये की FPI खरीद हुई, जो चिंता का संकेत है। इसके साथ ही, निफ्टी का पीई रेश्यो 22.6 हो गया है, जो 1 साल के औसत 22.15 से अधिक है। इससे बाजार महंगा दिख रहा है और निवेशकों को डर है कि आय में सुधार नहीं हुआ तो गिरावट जारी रह सकती है। इस माहौल में म्यूचुअल फंड्स भी सतर्क हैं।

अन्य

भू-राजनीतिक जोखिम और ट्रिगर की कमी ने बढ़ाई चिंता

दुनिया में चल रही तनाव भरी घटनाओं की वजह से निवेशक सतर्क हो गए हैं और नुकसान से बचने के लिए शेयर बेच रहे हैं। अमेरिका के साथ व्यापार और टैक्स से जुड़े मुद्दों ने भी डर बढ़ाया है। इसके साथ ही, बाजार में कोई बड़ा अच्छा संकेत नहीं है जिससे तेजी बनी रहे। निवेशकों की नजर अब 30 मई को आने वाली GDP रिपोर्ट और 6 जून को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के फैसले पर टिकी है।