
शेयर बाजार: सेंसेक्स 1,000 अंकों से अधिक लुढ़का, क्या है गिरावट की वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (25 अप्रैल) बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है।
बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों इंडेक्स में 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
आज सुबह 11:41 बजे तक सेंसेक्स 1,026.28 अंक गिरकर 78,775.15 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 में 330.40 अंकों की गिरावट आई और यह 23,916.30 पर कारोबार कर रहा था।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी गिरावट देखने को मिल रही है।
वजह
भारत-पाक तनाव से बाजार में डर का माहौल
कश्मीर में हाल ही में हुए आतंकी हमले और इसके बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों को लेकर बढ़ी अनिश्चितता ने निवेशकों की भावनाओं को कमजोर कर दिया है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह भू-राजनीतिक तनाव निवेशकों को सतर्क बना रहा है। इसके चलते बाजार में मुनाफावसूली बढ़ी है और निवेशक फिलहाल नकदी पर टिके रहना चाहते हैं।
यही वजह है कि शुक्रवार को बाजार में गिरावट का दौर शुरू हो गया और प्रमुख सूचकांक लाल निशान में आ गए।
अन्य वजह
भारी बिकवाली से सभी सेक्टर प्रभावित
बाजार में जारी भू-राजनीतिक तनावों और हमलों पर भारत की संभावित प्रतिक्रिया को लेकर अनिश्चितता ने निवेशकों को बेचैन कर दिया है।
इस चिंता के चलते न केवल बड़ी कंपनियों के शेयर गिरे, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी भारी बिकवाली देखने को मिली। सभी सेक्टरों में गिरावट दर्ज की गई।
इंडिया VIX में 6.46 प्रतिशत की तेज बढ़त ने डर का संकेत दिया। इन सभी वजहों से बाजार में आज बड़ा झटका देखने को मिला।