
पाकिस्तान शेयर बाजार में 2008 के बाद सबसे बड़ी गिरावट, 9 प्रतिशत लुढ़का स्टॉक एक्सचेंज
क्या है खबर?
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण पाकिस्तानी शेयर बाजार पर असर साफ नजर आ रहा है।
बीते दिन (7 मई) की बड़ी गिरावट के बाद आज यानी गुरुवार को KSE-100 इंडेक्स में 9 प्रतिशत की गिरावट आई, जो 2008 के बाद सबसे बड़ी है।
कारोबार की शुरुआत में बाजार में थोड़ी रिकवरी दिखी थी, लेकिन जल्द ही भारी गिरावट के कारण कारोबार रोकना पड़ा। ट्रेडिंग बाद में दोबारा शुरू हुई, लेकिन निवेशकों में डर बना रहा।
गिरावट
लगातार 2 दिन की बड़ी गिरावट
आज (8 मई) दोपहर 02:31 बजे कराची स्टॉक एक्सचेंज (KSE-100) इंडेक्स 1,02,938.49 पर था, जो करीब 7,070 अंक यानी 6.43 प्रतिशत की गिरावट है।
इससे एक दिन पहले बुधवार को बाजार में 6,500 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे इंडेक्स 1,07,007 पर बंद हुआ था।
यह 2 दिन की कुल 13 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट है। यह पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज के इतिहास की सबसे तेज गिरावटों में से एक मानी जा रही है।
कार्रवाई
सेना कार्रवाई की खबर से घबराहट
बाजार में यह गिरावट भारत द्वारा किए गए सैन्य 'ऑपरेशन सिंदूर' की खबर के बाद शुरू हुई, जिसमें आतंकवाद से जुड़ी 9 जगहों को निशाना बनाया गया।
इनमें से 4 पाकिस्तान के भीतर और 5 पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में थीं। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक आतंकी हमले के जवाब में की गई।
इस सैन्य कदम से निवेशकों में घबराहट बढ़ी और भारी बिकवाली देखने को मिली है।