Page Loader
दोपहिया वाहन अगले साल हो सकते हैं 5-8 फीसदी महंगे, जानिए क्या है कारण 
दोपहिया वाहनों में अगले साल से ABS को अनिवार्य किया गया है (तस्वीर: एक्स/@rsb07)

दोपहिया वाहन अगले साल हो सकते हैं 5-8 फीसदी महंगे, जानिए क्या है कारण 

Jul 02, 2025
12:46 pm

क्या है खबर?

अगले साल जनवरी से दोपहिया वाहनों की कीमत में 5-8 फीसदी तक की वृद्धि होने की संभावना है। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के विश्लेषक ऋषि वोरा ने यह दावा किया है। इस कीमत वृद्धि के पीछे कारण सरकार की ओर से सभी मॉडल्स के लिए एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) को अनिवार्य किए जाने के नियम को बताया जा रहा है, 2026 से लागू हो जाएगा। जानकारों का कहना है कि इससे एंट्री-लेवल मॉडल्स की बिक्री में गिरावट आने की संभावना है।

असर 

सबसे ज्यादा हीरो के मॉडल होंगे प्रभावित 

विश्लेषक ऋषि वोरा ने कहा, "आज लगभग 16 फीसदी दोपहिया वाहनों में ABS है और 1 जनवरी, 2026 से 84 फीसदी को ABS की ओर शिफ्ट होना होगा।" इस बदलाव से निर्माताओं को प्रति मॉडल 3,000-5,000 रुपये की लागत वृद्धि झेलनी पड़ सकती है। सबसे ज्यादा हीरो मोटोकॉर्प के 94 फीसदी मॉडल अपग्रेड होंगे, जबकि TVS मोटर के 64-65 फीसदी और बजाज के 35 फीसदी मॉडल प्रभावित होंगे। रॉयल एनफील्ड सभी मॉडल ABS से लैस होने के कारण अप्रभावित रहेगी।

ABS कंपोनेंट

ABS कंपोनेंट बाजार को मिलेगा फायदा 

वाहनों की लागत बढ़ने के साथ विनियमन के कारण ABS कंपोनेंट बाजार में लगभग 5 गुना वृद्धि होने की संभावना है। वर्तमान में बॉश, कॉन्टिनेंटल और एंड्यूरेंस टेक्नोलॉजीज ABS आपूर्ति बाजार में प्रमुख कंपनियां हैं। बॉश 60 फीसदी से अधिक बाजार हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे है। एंड्यूरेंस की हिस्सेदारी लगभग 10-15 फीसदी है। वोरा ने बताया है कि निकट भविष्य में आपूर्ति एक बाधा हो सकती है और तेजी से क्षमता विस्तार वाली कंपनियों को सबसे अधिक लाभ होगा।