Page Loader
भारतीय सेना को ताकत देती हैं ये 5 गाड़ियां, मुश्किल रास्ते पर दौड़ने में सक्षम 
भारतीय सेना के बेड़े में कई दमदार गाड़ियां शामिल हैं (तस्वीर: एक्स/@jaywankhadejrw)

भारतीय सेना को ताकत देती हैं ये 5 गाड़ियां, मुश्किल रास्ते पर दौड़ने में सक्षम 

May 04, 2025
01:48 pm

क्या है खबर?

पहलगाम आंतकी हमले के बाद से भारत-पाकिस्तान की सेनाएं हमले की आशंका के चलते सीमा पर लगातार गश्त कर रही हैं। भारतीय थल सेना के पास अत्याधुनिक हथियारों के साथ कई ऐसे वाहन हैं, जो रेगिस्तान से लेकर बर्फीली पहाड़ियों पर आसानी से दौड़ते हैं। पहले सेना के बेड़े में मारुति जिप्सी, महिंद्रा जीप और एम्बेसडर जैसे चुनिंदा गाड़ियां थे, जिसमें अब कई दमदार वाहन जुड़ गई हैं। आइये जानते हैं सेना के बेड़े में शामिल 5 गाड़ियां कौनसी हैं।

#1

महिंद्रा अर्माडो 

महिंद्रा अर्माडो सेना के लिए डिजाइन किया महिंद्रा आर्मर्ड लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल (ALSV) है, जिसमें ग्रेनेड लॉन्चर और एंटी-टैंक मिसाइल लगाई जा सकती है और CEN B7 STANAG लेवल-2 की बुलेटप्रूफ सेफ्टी मिलती है। इसमें 3.2-लीटर डीजल इंजन लगा है, जो किसी भी रास्ते पर चलने के लिए 4X4 सिस्टम से लैस है। इसकी अधिकतम गति 120 किमी/घंटा है और 1,000 किलोग्राम तक का वजन ले जा सकती है। इसके टायर पंचर होने पर 50 किलोमीटर तक दौड़ सकती है।

#2

महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक 

महिंद्रा की स्कॉर्पियो क्लासिक को 2023 में भारतीय सेना के बेड़े में शामिल किया गया। इसे सेना के लिए नए ऑलिव ग्रीन पेंट में तैयार किया गया और कुछ बदलाव भी किए गए। यह गाड़ी 4×4 ड्राइव, ब्लैकआउट लाइट्स और टॉइंग हुक और मजबूत सस्पेंशन जैसी सुविधाओं से लैस हैं, जो इसे मुश्किल परिस्थितियों में दौड़ने के लिए उपयुक्त बनाती हैं। इसमें ग्रैब हैंडल्स और माइक सिस्टम के साथ स्पीकर, 2.2-लीटर डीजल इंजन और 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है।

#3

टोयोटा हिलक्स 

टोयोटा हिलक्स पिकअप को 2023 में भारतीय सेना में शामिल किया गया। इससे पहले पिकअप ट्रक का 13,000 फीट की ऊंचाई और माइनस 15 डिग्री तक के तापमान पर परीक्षण किया गया। यह वाहन हर मुश्किल परिस्थितियों में भी विश्वसनीय प्रदर्शन करती है। इसके लिए यह 4x4 ड्राइव सिस्टम, लो-रेंज गियरिंग और रियर लॉकिंग डिफरेंशियल के साथ आती है। इसे मजबूत स्टील के चेसिस से बनाया गया और इसमें सामान और उपकरण ले जाने के लिए पर्याप्त कार्गो स्पेस है।

#4

टाटा सफारी स्टॉर्म GS800 

सेना के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई टाटा सफारी स्टॉर्म GS800 को मिलिट्री ग्रीन रंग के साथ कई सुरक्षात्मक उपाय किए गए हैं, जिसमें कठोर छत, ABS, रिकवरी हुक, फॉग लैंप और जेरी कैन जैसे फीचर्स शामिल है। 2.2 लीटर डीजल इंजन 4×4 ड्राइव सिस्टम से लैस है, जो इसे ऊंचाई और बर्फीले इलाके में चलने के लिए कारगर बनाता है। SUV की पेलोड क्षमता 800 किलोग्राम है। इसके केबिन में AC, हीटिंग, और डेमिस्टिंग जैसे फीचर्स हैं।

#5

फोर्स गुरखा 

फोर्स गुरखा सेना में 2018 में लाइट स्ट्राइक व्हीकल के रूप में शामिल हुई थी। यह 4×4 ड्राइव, स्नॉर्कल और डिफरेंशियल लॉक से लैस होने के कारण कठिन इलाकों में आसानी से चलती है। यह वाहन 1,050 किलोग्राम पेलोड और 3,000 किलोग्राम टोइंग क्षमता के साथ आता है, जो इसे रसद और उपकरण परिवहन के लिए उपयुक्त बनाता है। गुरखा 700mm पानी में चल सकती है और 233mm ग्राउंड क्लीयरेंस के कारण खराब रास्तों पर चलने में सक्षम बनाता है।