Page Loader
महिंद्रा ने अप्रैल में बढ़ाया प्रोडक्शन, सबसे ज्यादा बनाई गई स्कॉर्पियो
महिंद्रा स्कॉर्पियो की इस साल अप्रैल में 9,000 यूनिट्स का प्रोडक्शन किया गया है (तस्वीर:ट्विटर@MahindraScorpio)

महिंद्रा ने अप्रैल में बढ़ाया प्रोडक्शन, सबसे ज्यादा बनाई गई स्कॉर्पियो

May 15, 2023
04:07 pm

क्या है खबर?

महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अप्रैल में पैसेंजर कारों के प्रोडक्शन में सालाना आधार पर बढ़त हासिल की है। कार निर्माता ने अप्रैल, 2023 में 33,199 यूनिट्स का प्रोडक्शन किया है। यह आकंड़ा 2022 के इसी महीने में 24,265 यूनिट्स पर था। इस प्रकार, कंपनी ने सालाना आधार पर उत्पादन में 36.8 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है। दरअसल, महिंद्रा की कारों का वेटिंग पीरियड 24 महीने तक जा पहुंचा है। यही वजह है कि प्रोडक्शन तेज किया जा रहा है।

प्रोडक्शन 

स्कॉर्पियो डीजल की बनी सबसे ज्यादा 9,000 यूनिट्स 

महिंद्रा SUVs के अलग-अलग माॅडल्स के प्रोडक्शन की बात करें तो महिंद्रा स्कॉर्पियो के डीजल वेरिएंट की सबसे ज्यादा 9,000 यूनिट्स का उत्पादन हुआ, जबकि पेट्रोल वेरिएंट की महज 480 यूनिट्स बनाई गई। थार डीजल और पेट्रोल की क्रमशः 3,302 और 946 यूनिट्स तैयार हुईं। वहीं बोलेरो की 8,387 यूनिट्स, XUV300 की 4,925 और XUV700 की 4,701 यूनिट्स का प्रोडक्शन हुआ। कंपनी की KUV100 डीजल SUV की सबसे कम 11 यूनिट्स का उत्पादन हुआ था।