कोरोना वायरस: एक करोड़ के पास पहुंची संक्रमितों की संख्या, कम पड़ने लगी ऑक्सीजन की मशीनें
दुनियाभर में कोरोना वायरस संक्रमितों की आंकड़ा तेजी से एक करोड़ की तरफ बढ़ रहा है। इसी बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है कि अलग-अलग देशों में ऑक्सीजन की कमी महसूस की जाने लगी है। संगठन के प्रमुख डॉक्टर टेड्रोस ने कहा कि कई देशों में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मिलने में मुश्किलें हो रही हैं। वहां पर इस मशीन की मांग आपूर्ति से ज्यादा है। यह एक तरह की मशीन होती है, जिससे मरीज को ऑक्सीजन दी जाती है।
रोजाना 88,000 बड़े सिलेंडर ऑक्सीजन की पड़ रही जरूरत
टेड्रोस ने कहा कि मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के कारण दुनियाभर में रोजाना 88,000 बड़े सिलेंडर यानी 6,20,000 क्यूबिक मीटर ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही है। उन्होंने कहा कि संगठन ने अब 14,000 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदे हैं और उन्हें कुछ ही हफ्तों में कोरोना वायरस के प्रकोप से जूझ रहे 120 देशों में भेजने की योजना है। इसके साथ ही अगले छह महीनों में 10 करोड़ डॉलर कीमत वाले 1.70 लाख कंसंट्रेटर खरीदे जाएंगे।
लैटिन अमेरिका देशों में और गंभीर होगा प्रकोप- WHO
वहीं संगठन के इमरजेंसी प्रोग्राम के प्रमुख डॉक्टर माइक रेयान ने कहा कि लैटिन अमेरिकी देशों में कोरोना वायरस का प्रकोप और गंभीर होगा। इन देशों में अब तक एक लाख से ज्यादा मौत हो चुकी है। कई देशो में बीते सप्ताह 25-30 प्रतिशत नए मामले सामने आए हैं। उन्होेंने कहा, "अमेरिकी देशों में अभी हालात अभी स्थिर नहीं हुए हैं। यहां अभी तक पीक नहीं आई है, जिस कारण नए मरीजों की संख्या और मौतों का आंकड़ा बढ़ता जाएगा।"
दुनिया में अब तक कितने लोग संक्रमित?
खबर लिखे जाने तक दुनियाभर में 94.56 लाख कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके थे। जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, इनमें से 4,83,217 लोगों की मौत हुई है और 47.67 लाख लोग अब तक इस महामारी को हराकर ठीक हो चुके हैं। संक्रमितों की संख्या के लिहाज अमेरिका सबसे आगे हैं। यहां 23.81 लाख लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है और 1.22 लाख लोगों की इस खतरनाक वायरस से मौत हुई है।
ब्राजील में ठीक होने वालों का आंकड़ा सर्वाधिक
11.28 लाख संक्रमितों के साथ ब्राजील अमेरिका के बाद दुनिया में दूसरे नंबर पर है, लेकिन यहां ठीक होने वालों का आंकड़ा दुनिया में सबसे ज्यादा है। ब्राजील में अब तक 6.60 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि अमेरिका में लगभग दोगुने संक्रमित होने के बावजूद वहां ठीक हुए मरीजों की संख्या 6.56 लाख है। ब्राजील 53,830 मौतों के साथ इस मामले में अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर है।
तीसरे नंबर पर रूस
संक्रमितों की संख्या के मामले में रूस तीसरे नंबर पर है। यहां कोरोना वायरस के 6.13 लाख मामले सामने आए हैं। इनमें से 3.74 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं। यहां अब तक 8,594 लोगों की मौत हुई है, जो अपेक्षाकृत कम है।
भारत में 5 लाख की तरफ बढ़ रही संक्रमितों की संख्या
भारत में कोरोना वायरस के 4,73,105 मामले सामने आ चुके हैं। संक्रमितों की संख्या में भारत दुनियाभर में पांचवे स्थान और मौतों के मामले में आठवें स्थान पर है। बीते दिन यहां रिकॉर्ड 16,922 नए मामले सामने आए और 418 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। देश में महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है और यहां अब तक 1,42,900 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है।