
एजबेस्टन टेस्ट: शुभमन गिल और रविंद्र जडेजा ने भारतीय पारी को संभाला, ऐसा रहा पहला दिन
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे एजबेस्टन टेस्ट के पहले दिन के खेल की समाप्ति तक भारतीय क्रिकेट टीम ने 5 विकेट खोकर 310 रन का स्कोर बनाया। इस समय क्रीज पर फिलहाल भारतीय कप्तान शुभमन गिल (114) और अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (41) बने हुए हैं। भारत की ओर से गिल के अलावा यशस्वी जायसवाल (87) ने भी उम्दा पारी खेली। आइए आज के खेल पर एक नजर डालते हैं।
राहुल
भारत को जल्दी लगा पहला झटका
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की खराब शुरुआत रही। पारी की शुरुआत करने आए केएल राहुल सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें क्रिस वोक्स ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद नंबर-3 पर बल्लेबाजी के लिए आए करुण नायर ने कुछ आकर्षक शॉट लगाए। अच्छी लय में दिख रहे नायर बड़ी पारी नहीं खेल सके। वह 31 रन बनाकर आउट हुए। भारत को 95 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा।
जायसवाल
जायसवाल लगातार दूसरे शतक से चूके
जायसवाल ने अपना शानदार फॉर्म जारी रखा और एजबेस्टन के मैदान पर इंग्लिश तेज गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज में रन बटोरे। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने सिर्फ 59 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने नायर (31) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी भी की। मैच के पहले दिन के दूसरे सत्र के दौरान जायसवाल 107 गेंदों में 87 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें बेन स्टोक्स ने अपना शिकार बनाया।
गिल
गिल ने लगाया शतक
भारत ने जब 95 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब गिल क्रीज पर उतरे। उन्होंने एक छोर से डटकर बल्लेबाजी की। उन्होंने जायसवाल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े। इसके बाद भारतीय उपकप्तान ऋषभ पंत के साथ मिलकर गिल ने 47 रन की साझेदारी की। गिल ने लगातार दूसरे टेस्ट में शतक लगाकर भारतीय पारी को स्थिरता दी। यह इंग्लैंड के खिलाफ उनका चौथा टेस्ट शतक है।
जानकारी
इस खास सूची में शामिल हुए गिल
गिल उन भारतीय खिलाड़ियों की सूची में शामिल हुए, जिन्होंने शुरुआती 2 मैचों में कप्तानी करते हुए शतक लगाए थे। उनसे पहले विजय हजारे, विराट कोहली और सुनील गावस्कर ऐसा कारनामा कर चुके हैं।
गेंदबाजी
ऐसी रही इंग्लैंड की गेंदबाजी
इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 2 विकेट चटकाए। शोएब बशीर ने 1 सफलता हासिल की। उन्होंने अपने 19 ओवर में 65 रन दिए। बेन स्टोक्स ने 1 विकेट अपने नाम किया। इंग्लिश कप्तान ने अपने 15 ओवर में 58 रन दिए। जोश टंग कुछ महंगे साबित हुए। उन्होंने 13 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 66 रन दिए। ब्रायडन कार्स के खाते में 1 विकेट आया।