Page Loader
भारत बनाम इंग्लैंड: शुभमन गिल ने लगातार दूसरे टेस्ट में जड़ा शतक, हासिल की ये उपलब्धि
गिल ने खेली उम्दा पारी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम इंग्लैंड: शुभमन गिल ने लगातार दूसरे टेस्ट में जड़ा शतक, हासिल की ये उपलब्धि

Jul 02, 2025
11:13 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ एजबेस्टन में खेले जा रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतकीय पारी (114*) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 7वां और मौजूदा सीरीज में लगातार दूसरा शतक रहा। उनके इस शतक की मदद से भारत ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 310/5 का स्कोर बनाया है। आइए गिल की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

बेहतरीन रही गिल की पारी 

भारत ने जब 95 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब गिल क्रीज पर उतरे। उन्होंने एक छोर से डटकर बल्लेबाजी की। उन्होंने यशस्वी जायसवाल (87) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े। इसके बाद भारतीय उपकप्तान ऋषभ पंत के साथ मिलकर गिल ने 47 रन की साझेदारी की। उन्होंने पहले दिन के आखिरी सत्र के दौरान अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 114 रन बनाकर नाबाद बने हुए हैं।

रिकॉर्ड्स 

गिल ने कप्तानी में बनाए ये रिकॉर्ड्स 

गिल उन भारतीय बल्लेबाजों की सूची में शामिल हुए, जिन्होंने शुरुआती 2 मैचों में कप्तानी करते हुए शतक लगाए थे। उनसे पहले विजय हजारे (1951), विराट कोहली और सुनील गावस्कर ऐसा कारनामा कर चुके हैं। गिल अब इंग्लैंड की धरती पर एक टेस्ट सीरीज में 1 से अधिक शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बने हैं। मोहम्मद अजहरुद्दीन 1990 में और कोहली 2018 में ऐसा कर चुके हैं।

इंग्लैंड 

इंग्लैंड के खिलाफ चौथा टेस्ट शतक 

गिल को इंग्लैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 12 मैचों की 21 पारियों में 800 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 4 शतक के अलावा 3 अर्धशतक लगाए हैं। इंग्लिश टीम के विरुद्ध उनका सर्वोच्च स्कोर 147 रन है, जो मौजूदा सीरीज के पहले मैच में आया था। गिल ने इंग्लैंड के अलावा बांग्लादेश के खिलाफ 2 और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1 शतक लगाए हुए हैं।

करियर 

शानदार चल रहा है गिल का टेस्ट करियर 

गिल ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 34 मुकाबले खेले हैं और इसकी 62 पारियों में 37.40 औसत के साथ 2,100 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 7 शतक के अलावा 7 अर्धशतक भी निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 128 रन रहा है। गिल ने 128 रन की पारी कंगारू टीम के खिलाफ खेली थी।

भारत 

भारत का स्कोर 300 के पार पहुंचा 

एजबेस्टन टेस्ट के पहले दिन के खेल की समाप्ति तक भारतीय क्रिकेट टीम ने 5 विकेट खोकर 310 रन का स्कोर बनाया। इस समय क्रीज पर फिलहाल भारतीय कप्तान गिल (114) और अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (41) बने हुए हैं। भारत की ओर से गिल के अलावा यशस्वी जायसवाल (87) ने भी उम्दा पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 59 रन देते हुए 2 विकेट चटकाए।