जिंदा पति के लिए खरीदे गए ताबूत को फेसबुक पर बेच रही पत्नी, बताई ये वजह
क्या है खबर?
एक व्यक्ति ताबूत तभी खरीदता है जब किसी की मृत्यु हो जाती है, लेकिन स्कॉटलैंड के ओबन में इससे उलट मामला सामने आया है।
यहां एक महिला अपने पति के लिए उसकी मृत्यु से पहले ही ताबूत खरीदकर घर ले आई और अब जब पति की मृत्यु नहीं हो रही तो वो ताबूत मुफ्त में बेच रही है।
ये ताबूत किसी दुकान पर नहीं बल्कि फेसबुक पर ऑनलाइन बेचा जा रहा है।
आइए पूरी खबर जानते हैं।
जानकारी
महिला ने 27 सितंबर को डाली थी ताबूत को बेचने की पोस्ट
अपने पति के लिए खरीदे गए ताबूत को बेच रही महिला का नाम मार्गरेट स्टेबल्स है। उसने 27 सितंबर को 'फॉर सेल ओबन' नामक पेज के साथ क्लब करके फेसबुक पर ताबूत को बेचने की पोस्ट डाली थी। उसने ताबूत की तस्वीर भी डाली है।
कैप्शन
महिला ने पोस्ट के कैप्शन में बताया ताबूत लाने का कारण
मार्गरेट ने पोस्ट में लिखा, 'यह एक नया ताबूत है जो एकदम मुफ्त है। मैं अपने पति के लिए ये ताबूत खरीदकर लाई थी, लेकिन अब वो मेरी उम्मीद से ज्यादा समय तक जिंदा हैं, इसलिए इसकी हमें कोई जरूरत नहीं।'
उन्होंने लिखा कि वो ईसडेल में रहती हैं और मल्लैग के अलावा सभी जगह डिलीवरी कर सकती हैं। मल्लैग में उन पर प्रतिबंध हैं।
उन्होंने ये नहीं बताया कि वो पति के मरने की उम्मीद क्यों कर रहीं थीं।
जानकारी
मार्गरेट का फेसबुक पोस्ट हो रहा वायरल
मार्गरेट का ये फेसबुक पोस्ट अब वायरल हो रहा है। इस पोस्ट पर 14,000 से भी ज्यादा लोग लाइक और कमेंट कर चुके हैं और 28,000 लोगों ने इस पोस्ट को शेयर भी किया है।
प्रतिक्रिया
कैप्शन पढ़कर यूजर्स भी कर रहे मजेदार कमेंट्स
पोस्ट के कैप्शन को पढ़कर यूजर्स भी खूब हंस रहे हैं और मजाक कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, 'यह मेरी अब तक की सबसे ज्यादा मजेदार पोस्ट है... सच में।'
दूसरे यूजर ने पूछा कि क्या यह सब मजाक करने के लिए लिखा गया है।
तीसरे यूजर ने लिखा, 'बढ़िया सिंगल बेड है, जो अभी-अभी फ्लैट में शिफ्ट हुए हैं, वो इसे ले सकते हैं।'
एक अन्य यूजर ने लिखा, 'जिंदा व्यक्ति के लिए ताबूत ले आईं, वाह।'
जवाब
एक यूजर ने पूछा- महिला के मल्लैग में घुसने पर क्यों है प्रतिबंध?
पोस्ट के कमेंट पर एक यूजर ने महिला से पूछा कि आखिर उनके मल्लैग में घुसने पर प्रतिबंध क्यों है।
जवाब में महिला ने लिखा, 'एक दिन मरीन बार में हमारी मेरे पति के सहकर्मियों के साथ लड़ाई हो गई थी।'
उन्होंने बताया कि लड़ाई के बाद उन्हें वहां से बाहर निकाल दिया गया था और उन्हें पश्चिम खाड़ी की कार पार्किंग की सीमा से आगे जाने की अनुमति नहीं है।
जवाब
कुछ यूजर्स फेसबुक पोस्ट को बता रहे फर्जी
कुछ यूजर को ये पोस्ट फर्जी भी लग रही है। एक यूजर ने पूछा कि क्या इस पोस्ट में कोई सच्चाई है या सिर्फ लाइक्स, कमेंट्स और पेज की तरफ यूजर्स का ध्यान आकर्षित करने के लिए ऐसा किया गया है।
इस पर महिला ने यूजर को जवाब देते हुए लिखा, 'आपको निराश करने के लिए हमें खेद है, लेकिन मैंने जो भी लिखा है, वो बिल्कुल सच है।'