
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा 50+ रन के स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर नजर
क्या है खबर?
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में कई भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन यादगार रहा है, लेकिन कुछ बल्लेबाज ऐसे रहे हैं जिन्होंने लगातार 50 या उससे ज्यादा रन बनाकर भारतीय टीम की नींव मजबूत की है। इन खिलाड़ियों ने मुश्किल हालात में भी संयम दिखाया है। शतक हो या अर्धशतक, उन्होंने हर मौके पर जिम्मेदारी से खेला और भारत को मजबूती दी। आइए WTC के इतिहास में सबसे ज्यादा 50+ रन के स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
ऋषभ पंत (19)
इस सूची में पहले स्थान पर भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत हैं। उन्होंने WTC में 36 मुकाबले खेले हैं और इसकी 63 पारियों में 42.86 की औसत से 2,529 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 19 बार 50+ रन के स्कोर बनाए हैं। उनके बल्ले से 6 शतक और 13 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 146 रन रहा है। वह भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे स्थान पर हैं।
#2
रोहित शर्मा (17)
इस सूची में दूसरे स्थान पर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा हैं। उन्होंने WTC में 40 मुकाबले खेले थे और इसकी 69 पारियों में 41.15 की उम्दा औसत के साथ 2,716 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 17 बार 50+ रन के स्कोर निकले थे। उन्होंने 9 शतक और 8 अर्धशतक लगाए थे। इस पूर्व दिग्गज खिलाड़ी का WTC में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 212 रन रहा था।
#3
यशस्वी जायसवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा (16-16)
इस सूची में तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप 4 बल्लेबाज (यशस्वी जायसवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा) हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने 16-16 बार WTC में 50+ रन के स्कोर बनाए हैं। यशस्वी के बल्ले से 5 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। पुजारा ने 1 शतक और 15 अर्धशतक जड़े हैं। कोहली ने 5 शतक और 11 अर्धशतक लगाए थे। जडेजा ने 3 शतक और 13 अर्धशतक जड़े थे।
#4
शुभमन गिल (14)
टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने WTC में 14 बार 50+ रन के स्कोर बनाए हैं। गिल ने 34 मुकाबले खेले हैं और इसकी 62 पारियों में 7 शतक और 7 अर्धशतक लगाए हैं। गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट में पहले 2 मुकाबलों में शतक जड़ दिए हैं और शानदार फॉर्म में चल रहे हैं।