
ICC प्लेयर ऑफ द मंथ: शुभमन गिल ने फरवरी के लिए जीता पुरस्कार, ये खिलाड़ी चूके
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने फरवरी 2025 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को 'प्लेयर ऑफ द मंथ' चुना है। उन्होंने पिछले महीने वनडे प्रारूप में बेहतरीन प्रदर्शन किया था।
गिल ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के स्टीव स्मिथ और न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स को पीछे छोड़ते हुए ये पुरस्कार जीता। इस युवा खिलाड़ी ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ शतक भी लगाया था।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
पिछले महीने ऐसे थे गिल के आंकड़े
गिल ने फरवरी के महीने में 5 वनडे मुकाबले खेले। इस दौरान 101.50 की औसत और 94.19 की स्ट्राइक रेट से 406 रन बनाए।
इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज में गिल ने 87, 60 और 112 के स्कोर बनाए थे। उन्हें उस वनडे सीरीज के लिए 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था।
दुबई में बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में गिल ने 101 रन बनाए थे। पाकिस्तान के खिलाफ उनके बल्ले से 46 रन निकले थे।
तीसरी
गिल ने तीसरी बने 'प्लेयर ऑफ द मंथ'
गिल तीसरी बार 'ICC प्लेयर ऑफ द मंथ' बने हैं। इससे पहले उन्होंने साल 2023 के जनवरी और सितंबर के महीने में यह उपलब्धि हासिल की थी।
हाल ही में भारतीय क्रिकेट टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। गिल ने उस टूर्नामेंट में 5 मुकाबले खेले और इसकी 5 पारियों में 47 की उम्दा औसत के साथ 188 रन बनाए थे।
उनके बल्ले से 1 शतक निकला और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101 रन था।
प्रदर्शन
स्मिथ और फिलिप्स के प्रदर्शन पर एक नजर
स्मिथ ने फरवरी के महीने में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ गाले टेस्ट में 131 रन की पारी खेली थी। उन्होंने सीरीज के पहले टेस्ट में भी 141 रन बनाए थे। उनकी टीम को सीरीज में 2-0 से जीत मिली थी।
फिलिप्स की बात करें तो उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे मुकाबले के दौरान फरवरी महीने में 106* रन की शानदार पारी खेली थी।
यह उनके वनडे करियर का पहला शतक भी था।
महिला
महिलाओं में अलाना किंग बनीं 'प्लेयर ऑफ द मंथ'
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की स्पिन गेंदबाज अलाना किंग ने अपनी ही टीम की एनाबेल सदरलैंड और थाईलैंड महिला क्रिकेट टीम की थिपाचा पुथावोंग को पीछे छोड़ते हुए 'प्लेयर ऑफ द मंथ' बनीं।
किंग ने महिलाओं की एशेज सीरीज में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 46.4 ओवर गेंदबाजी की थी। इस दौरान उन्होंने 15 मेडन ओवर दिए।
उन्होंने 98 रन खर्च करते हुए 9 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई थी।