Page Loader
इंग्लैंड बनाम भारत, टेस्ट क्रिकेट: एजबेस्टन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज 
विराट कोहली एजबेस्टन में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

इंग्लैंड बनाम भारत, टेस्ट क्रिकेट: एजबेस्टन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज 

Jun 25, 2025
06:33 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहला टेस्ट मुकाबला हारने के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा मुकाबला एजबेस्टन में खेलने उतरने वाली है। भारतीय टीम सीरीज में वापसी की उम्मीद लेकर उतरेगी। ऐसे में एजबेस्टन का मैदान भारत के लिए कितना शुभ साबित हो सकता है, इसका अंदाजा वहां बल्लेबाजों के प्रदर्शन से लगाया जा सकता है। दूसरे मुकाबले से पहले जान लेते हैं एजबेस्टन में टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे सफल बल्लेबाज कौन-कौन रहे हैं?

#1

विराट कोहली (231 रन) 

टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने यहां पहला मुकाबला साल 2018 में खेला था। आखिरी बार वह यहां 2022 में खेलते हुए नजर आए थे। 2 मैच की 4 पारियों में उन्होंने 57.75 की उम्दा औसत के साथ 231 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला था। कोहली का इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर 149 रन रहा था।

#2

सुनील गावस्कर (216 रन) 

दूसरे स्थान पर भारतीय टीम के एक और पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर हैं। उन्होंने 1974 में इस मैदान पर पहला मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह 1986 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 3 टेस्ट की 6 पारियों में 36 की औसत से 216 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 68 रन रहा था। गावस्कर इस मैदान पर शतक नहीं लगा पाए थे।

#3

ऋषभ पंत (203 रन) 

तीसरे स्थान पर पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत हैं। उन्होंने यहां अपना एकमात्र मुकाबला साल 2022 में खेला था। उस मैच की 2 पारियों में उन्होंने 203 रन जड़ दिए थे। उनकी औसत 101.50 की रही थी। उन्होंने उस मुकाबले में 103.04 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 146 रन रहा था।

#4

सचिन तेंदुलकर (187 रन) 

एक और पूर्व भारतीय महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने इस मैदान पर साल 1996 में पहला मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह इस मैदान पर 2011 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 2 मैच की 4 पारियों में 46.75 की उम्दा औसत के साथ 187 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 1 शतक निकला था। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 122 रन रहा था।