IPL 2022 में कैसा रहा पंजाब किंग्स का प्रदर्शन, जानिए आंकड़े

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में पंजाब किंग्स (PBKS) ने अपने प्रदर्शन से काफी निराश किया। पंजाब ने इस सीजन काफी मजबूत टीम बनाई थी, लेकिन इसके बावजूद वे छठे स्थान पर ही रह गए। पूरे सीजन पंजाब कभी लय नहीं पकड़ सकी। टीम के कुछ खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, उन्हें दूसरे खिलाड़ियों की मदद नहीं मिल पाई। आइए आंकड़ों में जानते हैं इस सीजन कैसा रहा पंजाब का प्रदर्शन।
जीत के साथ सीजन की शुरुआत करने वाली पंजाब ने पूरे सीजन टुकड़ों में प्रदर्शन किया। टीम ने एक मैच जीता तो फिर एक या दो गंवा भी दिए। इसी तरह उनकी जीत और हार का सिलसिला पूरे सीजन चलता रहा। इसका परिणाम यह रहा कि वे लगातार चौथे सीजन छठे स्थान पर रह गए। पंजाब ने पूरे सीजन सही कॉम्बिनेशन बैठा पाने में भी सफलता नहीं पाई थी।
लियाम लिविंगस्टोन पंजाब के सबसे प्रमुख खिलाड़ी रहे जिन्होंने 14 मैचों में चार अर्धशतकों की बदौलत 437 रन बनाने के अलावा छह विकेट भी लिए। लिविंगस्टोन ने इस सीजन 34 छक्के लगाए।
पंजाब के लिए पहली बार खेल रहे दिग्गज भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन ने इस सीजन पंजाब के लिए सबसे अधिक रन बनाए। धवन ने 14 मैचों में 38.33 की औसत के साथ 460 रन बनाए। उन्होंने नाबाद 88 के सर्वोच्च स्कोर के साथ तीन अर्धशतक भी लगाए। लीग स्टेज की समाप्ति होने तक धवन चौथे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस सीजन 122.66 की स्ट्राइक-रेट से रन बनाए।
कगीसो रबाडा ने गेंद से पंजाब के लिए सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 13 मैचों में 17.65 की शानदार औसत के साथ सबसे अधिक 23 विकेट चटकाए। रबाडा की इकॉनमी 8.45 की रही, लेकिन उनकी स्ट्राइक-रेट 12.52 की रही। इस सीजन 33 रन देकर चार विकेट लेना उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा और उन्होंने दो बार पारी में चार विकेट लेने का कारनामा किया। पंजाब के लिए यह रबाडा का पहला सीजन था।
पंजाब ने ओडिएन स्मिथ पर बड़ा दांव खेला था, लेकिन उन्होंने काफी ज्यादा निराश किया। स्मिथ ने छह मैचों में छह विकेट तो हासिल किए, लेकिन इस दौरान लगभग 12 की इकॉनमी से रन भी लुटाए। बल्लेबाजी में भी उन्होंने केवल 51 रन ही बनाए थे। इसी तरह कप्तान मयंक अग्रवाल ने भी 13 मैचों में केवल 196 रन बनाकर काफी निराश किया। मयंक ने 16.33 की औसत और 122.50 की स्ट्राइक-रेट से रन बनाए।