
इंग्लैंड बनाम भारत: भारतीय टीम की एजबेस्टन में 58 सालों में पहली जीत, ये रिकॉर्ड्स बने
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 336 रनों से हरा दिया। इसी के साथ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। भारत को एजबेस्टन के मैदान पर पहली बार किसी टेस्ट मैच में जीत मिली है। उसने यहां अपना पहला मुकाबला साल 1967 में खेला था। उसके बाद वह यहां एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत पाए थे। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
जानकारी
एजबेस्टन में टेस्ट जीतने वाली पहली एशियाई टीम बनी भारत
भारतीय टीम एजबेस्टन में टेस्ट मैच जीतने वाली पहली एशियाई टीम बनी है। एशियाई टीमों ने यहां कुल 19 टेस्ट (भारत 9, पाकिस्तान 8 और श्रीलंका 2) खेले हैं। भारत की 336 रन की जीत किसी विदेशी टेस्ट में उनकी सबसे बड़ी जीत है।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
भारत ने पहली पारी में शुभमन गिल (269), यशस्वी जायसवाल (87) और रविंद्र जडेजा (89) की बदौलत 587 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने हैरी ब्रूक (106) और जेमी स्मिथ (184) की पारियों की बदौलत 407 रन बनाए। मोहम्मद सिराज ने 6 विकेट लिए। इसके बाद भारत ने गिल (161) की बदौलत 427/6 के स्कोर पर पारी घोषित की। स्मिथ (88) को छोड़कर इंग्लैंड का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। आकाश दीप ने 6 विकेट झटके।
10 विकेट
आकाश दीप ने टेस्ट में लिए 10 विकेट
आकाश दीप के लिए ये टेस्ट मैच यादगार साबित हुआ। उन्होंने पहली पारी में 20 ओवर में 2 मेडन ओवर के साथ 88 रन देकर 4 विकेट लिए। दूसरी पारी में उन्होंने 21.1 ओवर गेंदबाजी की और 99 रन देकर 6 बल्लेबाजों को आउट किया। यह उनके टेस्ट करियर का पहला 5 विकेट हॉल रहा। एजबेस्टन के मैदान पर 10 विकेट लेने वाले वह सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज बने। इससे पहले चेतन शर्मा ने 1986 में यह कारनामा किया था।
तेज
जायसवाल सबसे तेज 2,000 रन पूरे करने वाले भारतीय बने
जायसवाल दूसरी पारी में 13 रन बनाते ही 2,000 टेस्ट रन पूरे कर लिए। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज 2,000 रन बनाने वाले भारतीय बने। उन्होंने सुनील गावस्कर का 49 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। गावस्कर ने 23 टेस्ट में ये कारनामा किया था। यशस्वी ने 21 टेस्ट में ये रन पूरे किए। पारियों के लिहाज से उन्होंने राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग की बराबरी की। इन तीनों खिलाड़ियों ने 40-40 पारियों में 2,000 रन पूरे किए हैं।
दोहरा शतक
गिल ने लगाया टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक
भारत ने जब पहली पारी में 95 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब गिल क्रीज पर उतरे। उन्होंने एक छोर से डटकर बल्लेबाजी की और पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 114* रन बनाए। इसके बाद दूसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान उन्होंने 311 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। वह 387 गेंदों में 269 रन (चौके- 30, छक्के- 3) बनाकर आउट हुए। वह इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय कप्तान बने।
कप्तान
टेस्ट में सर्वोच्च पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बने गिल
गिल टेस्ट में सर्वोच्च पारी खेलने वाले कप्तान भी बने हैं। उनसे पहले ये रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज था। बता दें कि कोहली ने 2019 में भारतीय टीम की अगुआई करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 254 रन बनाए थे। इस सूची में तीसरे पायदान पर भी कोहली (243 रन बनाम श्रीलंका, 2017) है। गिल ने अपने प्रथम श्रेणी करियर के 5,000 रन भी पूरे किए। उन्होंने सिर्फ 63 मैचों में यह आंकड़ा छूआ।
विदेश
विदेशी टेस्ट मैचों में भारत के लिए 250+ स्कोर
गिल सिर्फ तीसरे ऐसे भारतीय बल्लेबाज बने, जिन्होंने विदेशों में खेलते हुए 250+ रन की पारी खेली है। उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग (309 रन और 254 रन, पाकिस्तान में ) और द्रविड़ (270 रन, पाकिस्तान में) ऐसा कर चुके हैं। वह इंग्लैंड में 250 से ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे मेहमान टेस्ट कप्तान बने। वह अब बॉब सिम्पसन (ऑस्ट्रेलिया, 1964) और ग्रीम स्मिथ (दक्षिण अफ्रीका, 2003) की सूची में शामिल हो गए हैं।
रिकॉर्ड्स
गिल ने ये प्रमुख रिकॉर्ड्स भी किए अपने नाम
गिल अब इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले गावस्कर (221 रन, 1979) और द्रविड़ (202 रन, 2002) ऐसा कर चुके हैं। गिल SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बने हैं। 25 वर्षीय गिल टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय कप्तान बने हैं। उनसे आगे इस सूची में एमएके पटौदी (23 साल में) हैं।
जडेजा
जडेजा अपने 5वें टेस्ट शतक से चूके
भारत ने मैच के पहले दिन जब 211 रन के स्कोर पर अपना 5वां विकेट खोया था, तब जडेजा क्रीज पर आए। उन्होंने भारतीय कप्तान गिल का अच्छा साथ निभाया और टिककर बल्लेबाजी करते हुए 80 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का 23वां अर्धशतक रहा। अच्छी लय में नजर आ रहे जडेजा 137 गेंदों में 89 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 10 चौके और 1 छक्का लगाया।
विकेटकीपर
जेमी स्मिथ ने खेली 184 रन की शानदार पारी
इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने पहली पारी में 184 रन बनाए। यह उनके करियर का दूसरा शतक रहा। स्मिथ जब बल्लेबजी करने आए तो इंग्लैंड के 5 बल्लेबाज 84 रन पर पवेलियन में थे। इसके बावजूद उन्होंने संयम नहीं दिखाया और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह 207 गेंदों में 184 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 21 चौके और 4 छक्के लगाए।
साझेदारी
इंग्लैंड के लिए तीसरा सबसे तेज शतक
स्मिथ ने इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज शतक लगाया। इस सूची में पहले स्थान पर गिल्बर्ट जेसप हैं। उन्होंने साल 1902 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 76 गेंदों पर शतक जड़ दिया था। बेयरस्टो ने साल 2022 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 77 गेंदों में शतक लगाया था। ब्रूक ने भी पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2022 में 80 गेंदों में शतक लगाया था।
टेस्ट
ब्रूक ने लगाया 9वां टेस्ट शतक
ब्रूक ने भारत के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। इंग्लैंड की पहली पारी में उन्होंने शानदार शतक (158) लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का 9वां शतक है। इस बीच उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर के 6,000 रन भी पूरे किए। भारत के विरुद्ध उनके बल्ले से निकलने वाली यह पहली शतकीय पारी रही। वह 158 रन बनाकर आकाश दीप की गेंद पर बोल्ड हुए।
5 विकेट
सिराज ने पहली बार लिया इंग्लैंड के खिलाफ 5 विकेट हॉल
सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 5 विकेट हॉल और कुल 6 विकेट चटकाए। यह उनके टेस्ट करियर का चौथा और इंग्लैंड के खिलाफ पहला 5 विकेट हॉल रहा। उन्होंने 19.3 ओवर गेंदबाजी की और 3 मेडन ओवर के साथ 70 रन देकर 6 विकेट चटकाए। इंग्लैंड के खिलाफ सिराज ने 13 मुकाबले खेले हैं और इसकी 24 पारियों में 33.74 की औसत से 35 विकेट अपने नाम किए हैं।
कप्तानी पारी
गिल ने दूसरी पारी में जड़ा शतक
भारत की दूसरी पारी में गिल के बल्ले से शानदार 161 रन निकले। इसके साथ ही गिल एक टेस्ट मैच में दो बार 150 से ज्यादा रन बनाने वाले केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलन बॉर्डर एक टेस्ट मैच में दो बार 150 से अधिक रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। गिल एक टेस्ट में 250+ और 150+ रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी बन गए हैं।
श्रीलंका
गिल ने तोड़े ये बड़े रिकॉर्ड्स
गिल ने टेस्ट मैच की दोनों पारियों में कुल 350+ रन बनाकर 11 साल बाद यह कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले 2014 में कुमार संगाकारा ने चटगांव टेस्ट में 424 रन बनाए थे। गिल अब एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने गावस्कर के 344 रन (वेस्टइंडीज के खिलाफ, 1971, पोर्ट ऑफ स्पेन) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
विराट कोहली
गिल ने तोड़ा विराट कोहली का ये बड़ा रिकॉर्ड
गिल ने बतौर भारतीय कप्तान भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह एक टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड कोहली के नाम था, जिन्होंने 2017 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ दिल्ली में 293 रन बनाए थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर गावस्कर हैं। उन्होंने 1978 में कोलकाता में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ 289 रन बनाए थे। गिल का यह प्रदर्शन ऐतिहासिक बन गया है।
दोनों पारी
इंग्लैंड में दोनों पारियों में शतक लगाने वाले कप्तान
गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट में दोनों पारियों में शतक जड़कर खास सूची में जगह बना ली है। वह ऐसे तीसरे कप्तान बने हैं जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एक ही टेस्ट में 2 शतक लगाए। इससे पहले यह कारनामा एलन मेलविल ने 1947 में (189 और नाबाद 104, नॉटिंघम) और इंजमाम-उल-हक ने 2005 में (109 और नाबाद 100, फैसलाबाद) किया था। गिल ने पहली पारी में 269 रन बनाए थे।
केएल राहुल
सलामी बल्लेबाज के रूप में केएल राहुल ने पूरे किए 3,000 रन
राहुल के टेस्ट क्रिकेट में सलामी बल्लेबाज के रूप में 3,039 रन हो गए है। उनकी औसत 36.17 की रही है। इस दौरान उन्होंने 50 टेस्ट में 8 शतक और 15 अर्धशतक लगाए हैं। सलामी बल्लेबाज के रूप में राहुल का सर्वोच्च स्कोर 199 रन है। भारत के लिए सलामी बल्लेबाज के तौर पर उनसे ज्यादा रन सिर्फ गावस्कर (9,607), सहवाग (8,124), गौतम गंभीर (4,119) और मुरली विजय (3,880) ने बनाए हैं।
उपलब्धि
पंत ने ये बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम
पंत ने इंग्लैंड दौरे 2025 में एक और खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में किसी एक टेस्ट सीरीज के दौरान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। पंत ने अब तक इस सीरीज में 13 छक्के लगाए हैं और उन्होंने डेनिस लिंडसे (1966/67, 12 छक्के बनाम दक्षिण अफ्रीका) और एडम गिलक्रिस्ट (2005, 12 छक्के बनाम न्यूजीलैंड) को पीछे छोड़ दिया है।