Page Loader
टेस्ट क्रिकेट: एशिया से बाहर एक सीरीज में 1 से अधिक शतक लगाने वाले भारतीय कप्तान 
कप्तान गिल ने शुरुआती दोनों टेस्ट में लगाया शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टेस्ट क्रिकेट: एशिया से बाहर एक सीरीज में 1 से अधिक शतक लगाने वाले भारतीय कप्तान 

Jul 03, 2025
03:26 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ इस समय खेली जा रही टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने हेडिंग्ले टेस्ट के बाद एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में भी शतक लगाया। वह उन चुनिंदा भारतीय कप्तानों में शुमार हुए, जिन्होंने एशिया से बाहर किसी एक सीरीज में 1 से अधिक शतक लगाए हैं। भारतीय कप्तानों की इस सूची पर एक नजर डालते हैं।

#1 

मोहम्मद अजहरुद्दीन (इंग्लैंड में, 1990)

मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 1990 में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की 5 पारियों में 85.20 की औसत के साथ 426 रन बनाए थे। उन्होंने उस सीरीज में 2 शतक और 1 अर्धशतक भी लगाए थे। उन्होंने लॉर्ड्स और मैनचेस्टर टेस्ट में शतक लगाए थे। वह उस दौरे पर भारतीय टीम से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। मेजबान इंग्लैंड ने उस सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया था।

#2 

विराट कोहली (ऑस्ट्रेलिया में, 2014-15)

ऑस्ट्रेलिया ने 2014-15 में हुई बॉर्डर-गावस्कर सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से जीता था। एडिलेड टेस्ट में विराट कोहली ने कप्तान के तौर पर उन्होंने दोनों पारियों में शतक जड़े थे। उन्होंने पहली पारी में 115 रन और दूसरी पारी में 141 रन बनाए थे। इसके बाद इस खिलाड़ी ने सिडनी में 147 रन की पारी खेली थी। हालांकि, ये दोनों टेस्ट भारतीय टीम नहीं जीत पाई थी। कोहली ने सीरीज में 86.50 की औसत से 692 रन बनाए थे।

#3 

विराट कोहली (इंग्लैंड में, 2018)

2018 में इंग्लैंड ने भारत को सीरीज में 4-1 से हराया था। भारतीय कप्तान कोहली ने उस सीरीज में सर्वाधिक रन बनाए थे। उन्होंने 5 मैचों की 10 पारियों में 59.30 की औसत के साथ 593 रन बनाए थे। उन्होंने 2 शतक और 3 अर्धशतक भी अपने नाम किए थे। उन्होंने एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में 149 रन बनाए थे। उसके बाद नॉटिंघम में उन्होंने 103 रन की पारी खेली थी।

#4 

शुभमन गिल (इंग्लैंड में, 2025)

गिल ने इंग्लैंड दौरे पर अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है। कप्तान के तौर पर उन्होंने पहला टेस्ट लीड्स में खेला और 227 गेंदों का सामना करते हुए 147 रन बना दिए। उनके बल्ले से 19 चौके और 1 छक्का निकला। हालांकि, भारतीय टीम ये मुकाबला 5 विकेट से हार गई। इसके बाद गिल ने दूसरे टेस्ट की पहली पारी में शतक जड़ा। वह अब दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए।