Page Loader
SENA देशों में इन भारतीय कप्तानों ने जड़े हैं सबसे ज्यादा शतक 
विराट कोहली इस सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

SENA देशों में इन भारतीय कप्तानों ने जड़े हैं सबसे ज्यादा शतक 

Jul 03, 2025
11:59 am

क्या है खबर?

टेस्ट क्रिकेट में SENA देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में रन बनाना हर बल्लेबाज के लिए अग्निपरीक्षा मानी जाती है। जब बात कप्तानों की हो तो दबाव दोगुना हो जाता है, लेकिन कुछ भारतीय कप्तानों ने इन चुनौतीपूर्ण हालात में भी शतकों की झड़ी लगाई है। विदेशी धरती पर कप्तानी का भार संभालते हुए इन्होंने बल्ले से ऐसा परचम लहराया, जिसे भुला पाना नामुमकिन है। ऐसे में आइए ऐसे कप्तानों पर एक नजर डालते हैं।

#1

विराट कोहली (7 शतक) 

SENA देशों में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। उन्होंने इन चुनौतीपूर्ण हालात में 46 पारियों में 7 शानदार शतक ठोके थे। ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने 46.72 की औसत से 1,542 रन बनाए और इंग्लैंड की मुश्किल पिचों पर 33.21 की औसत से 1,096 रन बटोरे। दक्षिण अफ्रीका में उन्होंने 49.50 की जबरदस्त औसत से 891 रन बनाए और न्यूजीलैंड में 36 की औसत से 252 रन बनाने में सफल रहे हैं।

#2

मोहम्मद अजहरुद्दीन (5 शतक) 

दूसरे स्थान पर पूर्व दिग्गज मोहम्मद अजहरुद्दीन आते हैं। उन्होंने कप्तान के तौर पर इन देशों में 33 पारियों में 5 शतक जड़े थे। ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने 27.72 की औसत से 305 रन बनाए और इंग्लैंड में 41.66 की औसत से 625 रन ठोके। न्यूजीलैंड की पिचों पर उनका बल्ला खूब बोला, उन्होंने 74.42 की जबरदस्त औसत से 521 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका में उनका प्रदर्शन थोड़ा फीका रहा, जहां 23.33 की औसत से उनके बल्ले से 280 रन निकले।

#3

शुभमन गिल, सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली (2-2 शतक) 

तीसरे स्थान पर एक नहीं, बल्कि 3 बल्लेबाज संयुक्त रूप से काबिज हैं। इनमें शुभमन गिल, सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली शामिल हैं। इन तीनों ने SENA देशों में बतौर कप्तान 2-2 शतक जड़े हैं। हालांकि, तेंदुलकर और गांगुली अब टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में युवा गिल के पास यह रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका है। गिल ने ये कारनामा सिर्फ 3 पारियों में किया, जबकि तेंदुलकर ने 12 और गांगुली ने 20 पारियां खेली थीं।

रिकॉर्ड

गिल ने ये रिकॉर्ड भी किए अपने नाम

गिल ने कप्तान बनते ही इतिहास रच डाला है। वह पहले 2 टेस्ट में शतक जड़ने वाले सिर्फ चौथे भारतीय कप्तान बने हैं। उनसे पहले ये कारनामा कोहली, विजय हजारे और सुनील गावस्कर कर चुके हैं। उन्होंने एजबेस्टन में शतक जड़कर कोहली के बाद ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय कप्तान बनने का गौरव भी हासिल किया। इस मैदान पर शतक जड़ने वाले भारतीयों में अब उनका नाम रविंद्र जडेजा, तेंदुलकर और ऋषभ पंत के साथ जुड़ गया है।