इस महीने चंद्रमा पर दूसरा निजी मिशन भेजेगी अमेरिका की कंपनी, जानिए क्या होगा इसका उद्देश्य
क्या है खबर?
अमेरिका की अंतरिक्ष कंपनी इंट्यूटिव मशीन 26 फरवरी को अपना दूसरा चंद्र मिशन लॉन्च कर सकती है।
इसको स्पेस-X फाल्कन 9 रॉकेट से भेजा जाएगा। इसका लैंडिंग स्थान मॉन्स माउटन के पास है, जो चंद्रमा का सबसे ऊंचा पर्वत है। यह लैंडिंग चंद्र दक्षिणी ध्रुव के सबसे नजदीक होगी।
मिशन का लैंडर 'एथेना' है, जो पिछले साल चंद्रमा पर पहुंचे ओडीसियस लैंडर के बाद भेजा जा रहा। यह मिशन निजी कंपनियों के चंद्रमा पर उतरने की दिशा में अहम होगा।
खोज
चंद्रमा की सतह पर खोज करेगा ड्रोन
इस मिशन में ग्रेसी नामक माइक्रो-हॉपर ड्रोन भी शामिल होगा, जो चंद्रमा पर 25 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करेगा।
यह ड्रोन ऐसे गड्ढे में भी प्रवेश करेगा, जहां सूरज की रोशनी कभी नहीं पहुंचती। वैज्ञानिक मानते हैं कि ऐसे स्थानों पर पानी की बर्फ मिल सकती है।
पानी की मौजूदगी भविष्य में चंद्रमा पर मानव मिशन के लिए बहुत जरूरी होगी। यही कारण है कि दुनिया के कई देशों की अंतरिक्ष एजेंसियां दक्षिणी ध्रुव पर ध्यान दे रही हैं।
अभियान
नासा के मिशन का हिस्सा होगा यह अभियान
यह मिशन नासा के कमर्शियल लूनर पेलोड सर्विसेज (CLPS) कार्यक्रम का हिस्सा है।
इससे पहले 3 मिशन भेजे गए थे। पहला मिशन एस्ट्रोबोटिक का लैंडर था, जो तकनीकी खराबी के कारण नाकाम रहा। दूसरा मिशन इंट्यूटिव मशीन का ओडीसियस लैंडर था, जो चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरा।
तीसरा फायरफ्लाई एयरोस्पेस का ब्लू घोस्ट लैंडर है, जो अभी चंद्रमा की ओर बढ़ रहा है। इंट्यूटिव मशीन और एस्ट्रोबोटिक इस साल के अंत तक और मिशन भेजने की तैयारी कर रही हैं।