Page Loader
सुनीता विलियम्स ने पूरा किया अपना आठवां स्पेसवॉक, हार्डवेयर की हुई मरम्मत 
सुनीता विलियम्स ने पूरा किया अपना आठवां स्पेसवॉक (तस्वीर: नासा)

सुनीता विलियम्स ने पूरा किया अपना आठवां स्पेसवॉक, हार्डवेयर की हुई मरम्मत 

Jan 17, 2025
12:05 pm

क्या है खबर?

सुनीता विलियम्स ने कल (16 जनवरी) अपना आठवां स्पेसवॉक पूरा किया। इस 6 घंटे के स्पेसवॉक में उनके साथ निक हेग भी थे। दोनों ने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) से बाहर निकलकर कई महत्वपूर्ण कार्य किए, जिसमें हार्डवेयर की मरम्मत और अपग्रेड शामिल थे। यह स्पेसवॉक शाम 06:31 बजे शुरू हुआ और दोनों ने अपना काम निर्धारित समय से पहले पूरा कर लिया। इस स्पेसवॉक से विलियम्स का एक्स्ट्रावेहिकुलर एक्टिविटी (EVA) समय कुल 56 घंटे और 40 मिनट हो गया।

काम

स्पेसवॉक में विलियम्स ने क्या किया?

विलियम्स और निक ने सबसे पहले ISS पर रेट गायरो असेंबली को बदलने का काम पूरा किया, जो ISS के रास्ते को ट्रैक करने के लिए बहुत जरुरी है। दोनों अंतरिक्ष यात्रियों ने इस दौरान नई असेंबली को ठीक तरह लगाया और पुरानी यूनिट को एयरलॉक में सुरक्षित रूप से वापस रख दिया। इसके बाद, ग्राउंड कंट्रोल टीम ने पुष्टि की कि नई गायरो असेंबली चालू हो गई है, जिसके बाद आगे का काम शुरू किया गया।

मरम्मत 

NICER टेलीस्कोप का हुआ मरम्मत 

निक हेग ने न्यूट्रॉन स्टार इंटीरियर कंपोजिशन एक्सप्लोरर (NICER) एक्स-रे टेलीस्कोप की मरम्मत की और पाई के आकार के पैच लगाए, जिससे टेलीस्कोप की कार्यक्षमता सही हुई। बता दें कि NICER टेलीस्कोप मई, 2023 से खराब हो रहा था, क्योंकि सूरज की रोशनी थर्मल शील्ड से लीक होकर टेलीस्कोप के न्यूट्रॉन स्टार अवलोकन को प्रभावित कर रही थी। विलियम्स ने हार्मनी मॉड्यूल के ऊपर लगे रिफ्लेक्टर को भी बदल दिया, जो अंतरिक्ष यान को मार्गदर्शन करने के लिए आवश्यक है।

योजना

आगे के मिशन और वापसी की योजना 

यह मिशन विलियम्स के लिए विशेष था, क्योंकि यह 12 वर्षों में उनकी पहली स्पेसवॉक थी। अब वह नासा के सबसे अनुभवी अंतरिक्ष यात्रियों में से एक हैं। इस मिशन के सफल समापन के बाद विलियम्स 23 जनवरी को निक के साथ एक और स्पेसवॉक करेगी। हालांकि, उनकी पृथ्वी पर वापसी की तारीख अभी तय नहीं है, लेकिन यह उम्मीद की जा रही है कि वे मार्च या अप्रैल, 2025 में पृथ्वी पर वापस लौट सकती हैं।