Page Loader
नासा के आर्टिमिस 3 मिशन में टल सकती है क्रू लैंडिंग, यह है वजह
आर्टिमिस 3 के लैंडिंग सिस्टम में देरी होने के चलते नासा इसे बिना क्रू के लॉन्च कर सकती है (तस्वीर: नासा)

नासा के आर्टिमिस 3 मिशन में टल सकती है क्रू लैंडिंग, यह है वजह

लेखन रजनीश
Aug 09, 2023
06:59 pm

क्या है खबर?

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा अपने आर्टिमिस 3 मिशन के जरिए वर्ष 2025 में चांद पर मनुष्यों को पहुंचाने की तैयारी में है। अब एक रिपोर्ट के मुताबिक, नासा में एक्सप्लोरेशन सिस्टम डेवलपमेंट मिशन निदेशालय के एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर जिम फ्री ने एक ब्रीफिंग के दौरान खुलासा किया कि क्रू लैंडिंग से पहले कुछ महत्वपूर्ण तत्वों का होना आवश्यक है। मिशन के प्रमुख घटकों में से एक स्पेस-X द्वारा विकसित किया जा रहा लैंडिंग सिस्टम है।

नासा

लैंडिंग सिस्टम तैयार न होने पर नासा अलग मिशन पर भर सकता है उड़ान

फ्री ने कहा, "यदि स्पेस-X का लैंडिंग सिस्टम समय पर तैयार नहीं होता है तो हम एक अलग मिशन पर उड़ान भर सकते हैं।" एलन मस्क की स्पेस-X ने लैंडिंग सिस्टम के लिए कांट्रैक्ट जीता है। अभी इसका लैंडिंग सिस्टम तैयार भी नहीं है। अप्रैल में एक ऑर्बिटल टेस्ट फ्लाइट में स्टारशिप में विस्फोट हो गया था। फ्री के मुताबिक, नासा अधिकारियों ने तैयारी का जायजा लेने के लिए हाल ही में स्पेस-X की फेसिलिटी का दौरा किया था।

जानकारी

देरी से इन चीजों पर भी पड़ रहा है प्रभाव

रिपोर्ट के मुताबिक, स्टारशिप में देरी का नकारात्मक प्रभाव पड़ता है क्योंकि स्पेससूट बनाने वाली कंपनी को भी यह जानना होगा कि सूट अंतरिक्ष यान के साथ कैसे इंटरफेस करेगा और अंतरिक्ष यात्रियों को इसके सिस्टम को सीखने के लिए सिमुलेटर भी बनाना है।

ईंधन

वर्ष 1972 के बाद पहली बार चांद पर इंसानों को पहुंचाने की नासा की योजना

आर्टिमिस कार्यक्रम के तहत नासा चांद पर जाने और मंगल ग्रह की अंतिम यात्रा के लिए तकनीकों को विकसित करने और परीक्षण करने के लिए मिशनों की एक सीरीज बना रहा है। नासा ने मानव रहित आर्टिमिस 1 मिशन को वर्ष 2022 में लॉन्च किया। आर्टिमिस 2 को नवंबर 2024 में लॉन्च करने की योजना है। दिसंबर 2025 के लिए निर्धारित आर्टिमिस 3 के जरिए नासा की योजना 1972 के बाद पहली बार इंसानों को चांद पर पहुंचाने की है।

योजना

आर्टिमिस 3 में बर्फ से रॉकेट ईंधन बनाने की है तैयारी

आर्टिमिस 3 के अंतरिक्ष यात्री चांद पर उतरेंगे और दक्षिणी ध्रुव में मौजूद पानी और बर्फ से जुड़ी रिसर्च भी करेंगे। दरअसल, नासा मंगल ग्रह से जुड़ी खोजों के लिए चांद पर लंबे समय तक रुकने और परीक्षण के लिए कई सुविधाएं तैयार करना चाहता है। इनमें अंतरिक्ष में मौजूद बर्फ से रॉकेट के लिए ईंधन तैयार करना भी शामिल है। इसके अलावा नासा नई प्रौद्योगिकियों, क्षमताओं और व्यापार दृष्टिकोण का प्रदर्शन करना चाहता है।

रिपोर्ट

आर्टिमिस 2 से ये हासिल करेगा नासा

एक रिपोर्ट के मुताबिक, आर्टिमिस 3 से पहले नवंबर 2023 में लॉन्च किए जाने वाले आर्टिमिस 2 मिशन में कुछ अंतरिक्ष यात्री जाएंगे, लेकिन वे चांद पर कदम नहीं रखेंगे। वे सिर्फ चांद के ऑर्बिट में घूमकर वापस आ जाएंगे। आर्टिमिस 2 मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्री यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि ओरियन का लाइफ-सपोर्ट सिस्टम गहरे अंतरिक्ष में रहने और काम करने के लिए अंतरिक्ष यात्रियों को सपोर्ट करने में सक्षम हो।