Page Loader
इतिहास रचने को तैयार ISRO, आज लॉन्च होगा चंद्रयान-2

इतिहास रचने को तैयार ISRO, आज लॉन्च होगा चंद्रयान-2

Jul 22, 2019
01:17 pm

क्या है खबर?

भारत के चंद्रमा पर जाने वाले मिशन चंद्रयान-2 की काउंटडाउन जारी है। इसे सोमवार दोपहर 2:43 मिनट पर लॉन्च किया जाएगा। लॉन्चिंग से 20 घंटे पहले यानी रविवार शाम 6:43 मिनट पर इसकी काउंटडाउन शुरू हुई थी। आज चंद्रयान-2 को लॉन्च करने का दूसरा प्रयास होगा। इससे पहले बीते सोमवार को इसे लॉन्च किया जाना था, लेकिन तकनीकी खामी के चलते इसे रोक दिया गया था। आइये, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के इस मिशन के बारे में जानते हैं।

जानकारी

क्रायोजेनिक स्टेज में भरी गई लिक्विड ऑक्सीजन

ISRO ने सुबह 10 बजे जानकारी दी कि लॉन्चिंग में पांच घंटे से भी कम का समय बचा है और क्रायोजेनिक स्टेज (C25) में लिक्विड ऑक्सीजन भरी जा रही है। चंद्रयान-2 को GSLV-Mk 3 रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा, जिसे बाहुबली नाम दिया गया है।

उपलब्धि

मिशन सफल हुआ तो चांद पर उतरने वाला चौथा देश होगा भारत

चंद्रयान-2 को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया जाएगा। वहां के मौसम की बात करें तो अभी हल्के बादल छाए हैं। जानकारों के मुताबिक, बादल या बारिश से रॉकेट पर कोई असर नहीं पड़ता, लेकिन बिजली चमकने से यह प्रभावित हो सकता है। अगर भारत का यह मिशन सफल रहता है तो अमेरिका, चीन और रूस के बाद भारत दुनिया का चौथा ऐसा देश होगा, जो सफलतापूर्वक चांद की सतह तक पहुंचा है।

जानकारी

तकनीकी खामी की गई दूर

ISRO ने 15 जुलाई को इसे लॉन्च करने का प्रयास किया था, लेकिन तकनीकी खामी के चलते इसकी लॉन्चिंग को रोक लिया गया था। दरअसल, रॉकेट इसके ऊपरी हिस्से में लगे क्रायोजेनिक इंजन में कुछ खामी आ गई थी, जिसे दूर कर लिया गया है।

मिशन

चांद से तस्वीरें भेजेगा रोवर

ISRO की सबसे शक्तिशाली 640 टन वजनी और 44 मीटर लंबी यह रॉकेट चंद्रयान-2 को पृथ्वी कक्षा में ले जाएगी। लॉन्चिंग के 973.7 सेकंड के बाद चंद्रयान-2 रॉकेट से अलग हो जाएगा। चंद्रयान-2 मॉड्यूल में एक ऑर्बिटर, लैंडर विक्रम और रोवर प्रज्ञान शामिल है। लैंडर का नाम ISRO के संस्थापक विक्रम साराभाई के नाम पर रखा गया है। चांद की सतह पर पहुंचने के बाद रोवर चांद की सतह पर पानी की तलाश करेगा और वहां से तस्वीरें भेजेगा।

ट्विटर पोस्ट

ऐसा अपना सफर पूरा करेगा चंद्रयान-2

लाइव कवरेज

यहां देख सकते हैं लॉन्चिंग की लाइव कवरेज

अगर आप टीवी के सामने बैठकर चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग देखना चाहते हैं तो दूरदर्शन पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। वहीं अगर आपके पास टीवी नहीं है तो आप यूट्यूब पर दूरदर्शन के आधिकारिक हैंडल पर जाकर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं। दूरदर्शन आमतौर पर ISRO की लॉन्चिंग को अपनी कमेंट्री और लॉन्च पैड और ISRO कंट्रोल रूम के विजुअल के साथ कवर करता है। इसके अलावा ISRO अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी इसकी लाइव स्ट्रीमिंग करेगा।